Nagpur Crime Sexual Assault Case: नागपुर सोनेगांवथाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्मांतरण के लिए दबाव डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने मामले में कलमेश्वर निवासी अय्याज ताज मदारे (26) और आमीन शेख (30) को गिरफ्तार किया है, जबकि तामिया (मध्य प्रदेश) निवासी हजरत मौलाना फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता का पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत है और वर्तमान में अन्य शहर में तैनात है। पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। फरवरी 2025 में उसके सहपाठी अय्याज ने प्लॉट खरीदने के बहाने संपर्क कर वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां उसने महिला को नशीला पदार्थ मिलाकर जूस पिलाया और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म कर वीडियो तथा फोटो बना लिए।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका यौन शोषण करता रहा और उससे 3।09 लाख रुपये भी वसूल लिए। महिला ने आरोप लगाया कि उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जाता था तथा कथित तौर पर कुछ धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर विभिन्न क्रियाएं कराई जाती थीं।
यह भी पढ़ें:-एयरपोर्ट की नकल में नागपुर स्टेशन पर ड्रॉप एंड गो बना लूट एंड गो; ठेकेदारों की मनमानी से लग रही वाहनों की कतार
31 मई को आरोपी उसे कलमेश्वर ले गया, जहां आमीन शेख और हजरत मौलाना से उसकी मुलाकात कराई गई। आरोप है कि तीनों उसे सुनसान स्थान पर ले गए और कुछ धार्मिक अनुष्ठान कराकर धर्मांतरण हो जाने का दावा किया। इसके बाद फिर दुष्कर्म किया गया।
पीडिता 3 दिन पहले पति के घर लौटने पर पूरी घटना बताई, जिसके बाद सोनेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दुष्कर्म, जबरन वसूली, धर्मांतरण के प्रयास तथा महाराष्ट्र अंधश्रद्धा और काला जादू प्रतिषेध कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने आरोपियों को 5 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच जारी है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार विदर्भ प्रांत प्रमुख राजकुमार शर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की।