Nagpur Railway Kavach Inspection: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने नागपुर मंडल का व्यापक निरीक्षण कर रेलवे सुरक्षा, परिचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास और आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेलवे सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विकास एवं संरक्षा कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
महाप्रबंधक के निरीक्षण की शुरुआत इतवारी रेलवे स्टेशन से हुई। इसके बाद वे कन्हान स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने पैनल रूम, रिले रूम, स्टेशन पैनल, सिग्नल टावर और स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली 'कवच' से जुड़े सिग्नल एवं दूरसंचार उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से उपकरणों के रखरखाव और नियमित निरीक्षण की जानकारी ली तथा कहा कि सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन के लिए इन सुरक्षा प्रणालियों का हर समय पूरी क्षमता से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने 'कवच' प्रणाली से लैस लोकोमोटिव के अप और डाउन ट्रायल का भी प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में कवच प्रणाली की कार्यक्षमता, लोको और ट्रैक उपकरणों के बीच समन्वय तथा सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय रेल द्वारा विकसित स्वदेशी 'कवच' प्रणाली भविष्य की सुरक्षित रेल संचालन व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। इसके व्यापक विस्तार से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और रेल सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।
इसके बाद महाप्रबंधक कामठी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्टेशन आधुनिकीकरण और विकास कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
यह भी पढ़ें:-वर्धा रोड की बदलेगी सूरत! जेल की जमीन पर बनेंगे IT टावर और कॉर्पोरेट ऑफिस, PPP मॉडल पर मास्टर प्लान तैयार
निरीक्षण के दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग करने, नियमित निरीक्षण प्रणाली को मजबूत बनाने तथा विभागों के बीच प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और विश्वसनीय रेल संचालन है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।