Nagpur Heavy Rain Alert: नागपुर सिटी और उसके आसपास के इलाकों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी और 'ऑरेंज अलर्ट' को देखते हुए नागपुर जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 29 जुलाई को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
108 मिमी बारिश से बिगड़े हालात, बाढ़ की आशंका भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 28 से 30 जुलाई के बीच नागपुर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश (अतिवृष्टि) चेतावनी देते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। की मंगलवार को दोपहर 2:30 बजे तक ही शहर में 108 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी थी।
भारी बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई को अतिवृष्टि के कारण जिले के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की पूरी संभावना है।
इस संभावित आपातकालीन स्थिति और अतिवृष्टि के कारण किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30 और 34 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जिलाधिकारी तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष कुमार आशीर्वाद ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर 29 जुलाई को छुट्टी का आधिकारिक आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार यह अवकाश संपूर्ण नागपुर शहर (नागपुर महानगरपालिका क्षेत्र सहित) और उससे लगी तहसीलों नागपुर ग्रामीण, हिंगना और कामठी के क्षेत्रों में लागू रहेगा। इन क्षेत्रों में आने वाले सभी सरकारी और निजी आंगनवाडी, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल, महाविद्यालय (कॉलेज), कोचिंग क्लासेस बुधवार को पूरी तरह से बंद रहेंगे।
यह भी पढ़ें:-महाराष्ट्र में फिर शुरू होगा मूसलाधार बारिश का दौर! IMD ने नागपुर-पुणे समेत कई जिलों में जारी किया अलर्ट
प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस आदेश की सूचना नागपुर के संभागीय आयुक्त, नागपुर महानगरपालिका आयुक्त्त, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) और शिक्षा अधिकारियों सहित सभी संबंधित विभागों को सूचनार्थ और तत्काल कार्यवाही के लिए भेज दी हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी परिस्थिति से निपटा जा सके, नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि वे मौसम को देखते हुए सतर्क रहें।