महाराष्ट्र में फिर शुरू होगा मूसलाधार बारिश का दौर! IMD ने नागपुर-पुणे समेत कई जिलों में जारी किया अलर्ट

Maharashtra weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण महाराष्ट्र में फिर बारिश बढ़ेगी। मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
Maharashtra Weather Update Heavy rain alert for Vidarbha Nagpur Konkan and Mumbai between 29 to 31 July
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी (प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Heavy Rain Alert For Maharashtra: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से जारी हल्की से मध्यम बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। आने वाले दिन राज्य के कई हिस्सों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 29 से 31 जुलाई के दौरान बारिश का जोर काफी ज्यादा बढ़ने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान विदर्भ, उत्तर मराठवाड़ा, खानदेश, कोकण और मध्य महाराष्ट्र के पहाड़ी (घाट) इलाकों में मध्यम से अत्यधिक मूसलाधार बारिश की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए कम दबाव के क्षेत्र और अरब सागर से आ रही अत्यधिक नमीयुक्त हवाओं के टकराने से राज्य में मानसून की सक्रियता अचानक बढ़ जाएगी। इसके असर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है।

29 और 30 जुलाई को इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को गोंदिया, चंद्रपुर, गडचिरोली, नागपुर और वर्धा जिलों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। इसके अलावा नासिक, नासिक घाट क्षेत्र, जलगांव, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बुलढाणा, अकोला, वाशिम, अमरावती, यवतमाल, भंडारा, कोल्हापुर घाट, रत्नागिरी, सातारा घाट, रायगड, पुणे घाट और सिंधुदुर्ग जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

वहीं, 30 जुलाई 2026 को भी राहत मिलने के आसार कम हैं। गुरुवार को रायगड, पुणे घाट, सातारा घाट, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर घाट, बुलढाणा, अकोला, वाशिम, अमरावती, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया और गडचिरोली जिलों के लिए भी चेतावनी बरकरार रखते हुए येलो अलर्ट दिया गया है।

मुंबई और MMR क्षेत्र के लिए अलर्ट

राजधानी मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में 30 और 31 जुलाई को बारिश की तीव्रता में बड़ा उछाल आने की संभावना है। विशेष रूप से रायगढ़, ठाणे और पालघर जिलों में 30 जुलाई को मूसलाधार से अति-मूसलाधार बारिश होने का खतरा जताया गया है, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

जनजीवन अस्त-व्यस्त होने और लैंडस्लाइड की आशंका

29 से 31 जुलाई के इस तीन दिवसीय चक्रवात जैसी स्थिति में कुछ जगहों पर अतिवृष्टि जैसी घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने आशंका जताई है कि निचले इलाकों में पानी भरने, नदियों और नालों में अचानक बाढ़ आने, इमारतों व कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और यातायात पूरी तरह प्रभावित होने का खतरा है। इसके साथ ही मध्य महाराष्ट्र की सह्याद्री पर्वत श्रृंखलाओं और घाट क्षेत्रों में भूस्खलन होने का भी बड़ा खतरा बना हुआ है।

आखिर क्यों बढ़ रही है बारिश की तीव्रता?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक कम दबाव के क्षेत्र बनने की प्रक्रिया तेज हो रही है। यह मौसमी प्रणाली पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए मध्य भारत में प्रवेश करेगी। ठीक उसी समय अरब सागर की तरफ से आने वाली तेज मानसूनी हवाएं महाराष्ट्र के ऊपर इन बादलों को और अधिक गहरा बना रही हैं। दोनों मौसमी प्रणालियों के इस संयुक्त प्रभाव के चलते राज्य के उन क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी, जहां पिछले कुछ दिनों से बारिश का कोटा कम था।

प्रशासन और मौसम विभाग की अपील

बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने आम नागरिकों और किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, खुले मैदानों में न जाएं और आकाशीय बिजली चमकने के समय सुरक्षित पक्के स्थानों पर शरण लें। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com