Nagpur Police Checking:नागपुर में न्यू ईयर सेलिब्रेशन (सोर्सः सोशल मीडिया) 
नागपुर

शराब पीकर चलाया वाहन तो लॉकअप में न्यू ईयर, 131 स्थानों पर नाकाबंदी, क्लबों में होगी आकस्मिक जांच

Nagpur Police Checking: नागपुर में न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर पुलिस ने कड़ा बंदोबस्त किया है, जहां 131 स्थानों पर नाकाबंदी, क्लबों में जांच और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आंचल लोखंडे

Nagpur New Year Security: नागपुर शहर में 31 दिसंबर का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। हर साल की तरह इस बार भी जश्न मनाने वालों के साथ-साथ पुलिस विभाग ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। बुधवार शाम से शहर में 131 स्थानों पर नाकाबंदी शुरू की जाएगी। क्रिसमस पार्टी के दौरान डाबो क्लब में हुए विवाद और हत्या की घटना के बाद पुलिस और अधिक सतर्क हो गई है।

इस बार पुलिस ने क्लबों के भीतर आकस्मिक जांच के लिए उड़न दस्तों का गठन किया है। कहीं भी अनियमितता पाए जाने पर क्लब संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराना अनिवार्य होगा। ड्रग्स की जांच के लिए प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जाएगी।

सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा

पुलिस आयुक्त रविंद्रकुमार सिंगल और संयुक्त आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा की। सीपी सिंगल ने बताया कि इस बार शहर में होने वाले सभी आयोजनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर न्यू ईयर की शुरुआत थाने के लॉकअप में ही होगी।

फ्लाइंग स्क्वाड की भी तैनाती

बिना परमिट शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष दस्तों का गठन किया गया है। ढाबों और सावजी भोजनालयों में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले संचालकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाकाबंदी के साथ-साथ बड़ी संख्या में फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ड्रंकन ड्राइव के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। परिवार के साथ बाहर निकलने वाले नागरिकों को असुविधा न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार रात से ही प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी शुरू कर दी गई है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष निगरानी

फुटाला, धरमपेठ, सदर, अमरावती रोड और वर्धा रोड जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष पुलिस गश्त रहेगी। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों को सीधे हिरासत में लेने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर बिना अनुमति पार्टी प्रचार करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। जहां भी पार्टियां आयोजित होंगी, वहां महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों के साथ सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।

फ्लाईओवर रहेंगे बंद

बुधवार शाम 6 बजे से 1 जनवरी सुबह 6 बजे तक शहर के सभी फ्लाईओवर और दो प्रमुख सड़कों पर यातायात बंद रहेगा। फुटाला तालाब क्षेत्र में तेलंगखेड़ी हनुमान मंदिर, वायुसेना नगर और फुटाला बस्ती को जोड़ने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। लॉ कॉलेज चौक से शंकरनगर चौक के बीच दोनों ओर बैरिकेडिंग की जाएगी। सीताबर्डी गोवारी फ्लाईओवर, सदर फ्लाईओवर (काटोल रोड, मानकापुर), सक्करदरा, पांचपावली और मेहंदीबाग फ्लाईओवर पर भी यातायात बंद रहेगा।

ऐसा रहेगा सुरक्षा बंदोबस्त

  • ड्रंकन ड्राइव के लिए फ्लाइंग स्क्वाड: 10
  • तैनात अधिकारी व कर्मचारी: 5,000
  • नाकाबंदी: 131 स्थानों पर
  • जीप पेट्रोलिंग: 80 स्थानों पर
  • बीट मार्शल गश्त: 150 स्थानों पर
  • अपराध शाखा के दस्ते: 12
  • बम निरोधक दस्ता: 4

बिहार छात्र आंदोलन में रौशन आनंद का बड़ा दावा, बोले- एकजुट हो जाओ, तभी खोलूंगा आयोग का ‘काला चिट्ठा’

ओडिशा के पास 24 क्रू मेंबर समेत समुद्र में डूबा जहाज, पारादीप बंदरगाह से 200 नॉटिकल मील दूर हादसा

इधर ब्रजेश पाठक प्रदर्शनकारियों से मिले, उधर अखिलेश यादव ने बताया आरक्षण खत्म करने की साजिश, मचा सियासी बवाल!

यह छात्रों की नहीं, पैसों की गूंज है! राहुल गांधी के कार्यक्रम पर BJP नेता का बड़ा दावा; फॉरेन फंडिंग का आरोप

बाबा रामदेव के आंदोलन पर बृजभूषण का बड़ा तंज, बोले- इस बार सलवार पहनकर मत भागना