Highlights:
नागपुर में अवैध होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर और स्वागत कमानों के खिलाफ मनपा-पुलिस चलाएंगे संयुक्त अभियान।
बिना अनुमति या समय-सीमा समाप्त होने के बाद लगे विज्ञापन फलक तत्काल हटाए जाएंगे।
नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना, विज्ञापन हटाने का खर्च वसूली और FIR दर्ज करने का प्रावधान।
हाईकोर्ट के आदेशों के पालन के लिए पुलिस आयुक्त और मनपा आयुक्त ने संयुक्त परिपत्रक जारी किया।
Nagpur Municipal Corporation: नागपुर शहर की सार्वजनिक संपत्ति, सड़कों, फुटपाथों को बदरंग करने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अनधिकृत होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर, कटआउट्स, झंडे और स्वागत कमानों के खिलाफ अब बेहद कठोर कार्रवाई की जाएगी। बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ द्वारा दिए गए आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नागपुर महानगरपालिका और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में शहर पुलिस आयुक्त नांगरे पाटिल और मनपा आयुक्त डॉ। विपिन इटनकर के संयुक्त हस्ताक्षर से एक महत्वपूर्ण परिपत्रक जारी किया गया है। इस परिपत्रक के माध्यम से शहर में अवैध प्रचार सामग्री पर पूर्ण नियंत्रण रखने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की जिम्मेदारी तय की गई है।
अनुमति नहीं तो तत्काल हटा दिये जायेंगे परिपत्रक के अनुसार, महानगरपालिका क्षेत्र में बिना पूर्व अनुमति के लगाए गए सभी प्रकार के विज्ञापन फलक, बैनर, पोस्टर, कटआउट्स, झंडे और स्वागत कमानों की सघन तलाश व जांच की जाएगी। संबंधित जोन के सहायक आयुक्तों और वार्ड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लगी अनधिकृत प्रचार सामग्री की जानकारी जुटाएं और उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी विज्ञापन फलक या प्रचार सामग्री को लगाने की अनुमति देते समय उस पर अनुमति क्रमांक और उसकी वैधता की अवधि स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा। यदि किसी विज्ञापन की अनुमति की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है या उस पर अनुमति का स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं है, तो उसे अवैध मानकर तत्काल जब्त कर कार्रवाई की जाएगी, भारी जुर्माना, FIR दर्ज करने का प्रावधान है। अवैध विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ विभिन्न कानूनों के तहत शिकंजा कसा जाएगा।
महानगरपालिका अधिनियम 1949 की धारा 245 के अंतर्गत संबंधित व्यक्तियों या संस्थाओं को नोटिस जारी करने, विज्ञापन हटाने का पूरा खर्च वसूलने, भारी जुर्माना लगाने और विज्ञापन लाइसेंस शुल्क वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम 1995 के प्रावधानों के तहत संबंधित पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराकर सीधे एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 के सार्वजनिक उपद्रव फैलाने, तहत सार्वजनिक मार्ग पर बाधा उत्पन्न करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी धाराओं के अंतर्गत भी कड़े कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग हटाने की मुहिम के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संबंधित पुलिस थानों के प्रभारी अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन को मनपा अचिकारियों के साथ कंधे से कथा मिलाकर सहयोग करने को कहा गया है।
कार्यवाही में पारदर्शिता और निरंतरता बनाए रखने के लिए मनपा और पुलिस विभाग के नोडल अधिकारियों को हर महीने संयुक्त बैठक आयोजित कर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करने का आदेश दिया गया है। उच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्वित करने के लिए दीनी विभागों के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और उसकी विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपने को कहा गया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए सुगम यातायात सुनिश्चित करना है।