तांत्रिक अशोक खरात की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा; 60 से अधिक सातबारा और सरकारी अधिकारी की साझेदारी आई सामने

नाशिक में तांत्रिक अशोक खरात के पास सैकड़ों करोड़ की संपत्ति का खुलासा, सरकारी अधिकारियों के साथ साझेदारी का आरोप।
Nashik Property Scam News
Published on
Updated on

Ashok Kharat Property Scam News: राज्य के मंत्रियों और बड़े राजनीतिक नेताओं का भविष्य बताकर चर्चा में आए तांत्रिक अशोक खरात की कथित तौर पर सैकड़ों करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों के अनुसार, नाशिक शहर सहित सिन्नर और अहिल्यानगर जिले के शिरडी, राहाता, निघोज और निमगांव कोरहाले समेत कई स्थानों पर खरात और उसके परिवार के नाम पर बड़ी संख्या में जमीन और संपत्तियां दर्ज हैं।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, खरात ने कथित तौर पर ढोंग और अंधविश्वास के सहारे बड़ी दौलत इकट्ठा की। शहर की एक प्रमुख जमीन में ठाणे के एक सरकारी अधिकारी के साझेदार होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

महिला के यौन शोषण के मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने खरात के नाशिक स्थित बंगले, कार्यालय और सिन्नर के फार्महाउस पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस, करीब 8 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि खरात ने अपनी पत्नी कल्पना, बेटी तृप्तबाला और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर भी बड़ी संख्या में संपत्तियां खरीदी हैं। इन संपत्तियों की कुल कीमत सैकड़ों करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, एक ओर जहां वह कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और भविष्यवाणी का कारोबार कर रहा था, वहीं दूसरी ओर जमीन की खरीद-फरोख्त में भी सक्रिय था। यह भी दावा किया जा रहा है कि उसने 100 से अधिक देशों की यात्रा की है।

अब तक खरात से जुड़े 60 से अधिक सातबारा (भूमि अभिलेख) सामने आ चुके हैं, जिनकी जांच जारी है।

नाशिक शहर के कर्मयोगीनगर क्षेत्र में उसका आलीशान बंगला और शरणपुर रोड पर कार्यालय स्थित है। इसके अलावा पाथर्डी, विल्होली और गौलाणे जैसे मनपा क्षेत्र में उसके परिवार का बड़ा निवेश पाया गया है, जहां करीब 16 प्लॉट और लगभग 6 एकड़ कृषि भूमि दर्ज है। आडगांव में भी जमीन होने की जानकारी मिली है।

सिन्नर तहसील के मिरगांव में खरात ने ईशानेश्वर मंदिर का निर्माण कराया है। मंदिर के पास उसका फार्महाउस और आम का बगीचा स्थित है, जहां करीब 21 एकड़ जमीन दर्ज है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास की जमीन खरीदकर उसने लगभग 25 एकड़ अतिरिक्त भूमि भी अपने कब्जे में ली है।

सिन्नर शहर में भी उसके तीन प्लॉट और एक दुकान होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कुंदेवाडी में कृषि भूमि दर्ज है।

नाशिक के अलावा अहिल्यानगर जिले के शिरडी, राहाता, निघोज और निमगांव कोरहाले में भी उसके नाम पर जमीन और प्लॉट होने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com