Highlights:
नागपुर मनपा की आम सभा में कचरा प्रबंधन और शहर के ब्लैक स्पॉट को लेकर पार्षदों ने प्रशासन को घेरा।
शहर में करीब 450 ब्लैक स्पॉट होने और 225 बंद करने के प्रशासन के दावे पर सवाल उठाए गए।
कचरा संकलन करने वाली दो बड़ी कंपनियों के कामकाज और भुगतान की स्वतंत्र जांच की मांग
महापौर नीता ठाकरे ने सफाई कंपनियों को प्रशिक्षण देने, गाड़ियों का निरीक्षण करने और लापरवाही पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
Nagpur Municipal Corporation: नागपुर महानगरपालिका की आम सभा में शहर की चरमराई कचरा प्रबंधन प्रणाली और जगह-जगह बने कचरे के ढेरों (ब्लैक स्पॉट) को लेकर तमाम पार्षदों ने प्रशासन और निजी कंपनियों को आड़े हाथों लिया। बैठक में शहर के विभिन्न प्रभागों में सफाई व्यवस्था के ठप होने, कचरा उठाने वाली गाड़ियों की कमी और जिम्मेदार कंपनियों पर प्रशासन की कथित मेहरबानी को लेकर तीखी बहस हुई।
पार्षद केतन ठाकरे ने इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाते हुए कचरा संकलन का जिम्मा संभाल रहीं दोनों बड़ी कंपनियों के कामकाज और उन्हें दिए गए भुगतान की स्वतंत्र जांच कराने की मांग रखी, जबकि कुछ सदस्यों ने कंपनियों का ठेका ही रद्द करने के निर्देश जारी करने की मांग सदन में उठाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर नीता ठाकरे ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कंपनियों को बुलाकर उनका प्रशिक्षण कराया जाए और प्रत्येक क्षेत्र की जमीनी दिक्कतों को दूर किया जाए।
महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाली कंपनियों पर कार्रवाई तथा जुर्माना लगाने में कोई दिलाई न बरती जाए, उन्होंने प्रशासन को कचरा गाड़ियों की स्थिति, समय पर घर-घर कचरा संकलन और कार्यप्रणाली का व्यापक निरीक्षण करने का आदेश दिया। साथ ही यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि सुधार नहीं होता है तो कंपनियों के अनुबंध को रद्द करने की दिशा में आवश्यक तैयारी की जाए।
सदन में विषय रखते हुए पार्षद केतन ठाकरे ने कहा कि शहर के संभ्रांत और अच्छे इलाकों में भी जगह-जगह कबरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। महानगरपालिका के आंकड़ों के अनुसार शहर में लगभग 450 ब्लैक स्पॉट विहिनत थे जिनमें से 225 को बंद करने का दावा किया गया है लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट है, ठाकरे ने बताया कि 2 वर्ष पूर्व पश्चिम नागपुर में तत्कालीन आयुक्त चौधरी को जीपीएस लोकेशन और फोटो-वीडियों के साथ ब्लैक स्पॉट की जानकारी दी गई थी, प्रशासन ने उस समय केवल 2 दिन सफाई करवाई परंतु 2 साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पार्षद प्रमोद ठाकुर ने आरोप लगाया कि शहर में कचरा संकलन का कार्य देख रहीं 2 बढ़ी कंपनियों को जनता के टैक्स से करोड़ों रुपये दिए जा रहे है। इसके बावजूद हर महीने और प्रत्येक आम सभा में इनकी लापरवाही की शिकायतें सामने आती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अधिकारियों का इन कंपनियों से वया विशेष प्रेम है कि बार-बार शिकायतों के बाद भी इन पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाती और न ही इन्हें काम से हटाया जाता है।
केतन ठाकरे ने उदाहरण देते हुए बताया कि धरमपेठ जोन अंतर्गत अभ्यंकरनगर जैसे पॉश इलाके में 9 से 12 मीटर चौड़ी सड़कें होने के बावजूद कचरा गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचती हैं।
अधिकारियों को बार-बार फोटो भेजने के बाद ही वहां सफाई हो पाती है। मनपा दावा करती है कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट की दिन में 3 से 4 बार सफाई होती है, जबकि यदि ऐसा होता तो यह समस्या ही समाप्त हो जाती।
प्रभाग क्रमांक 10 की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जब एक महिला ने कचरा गाड़ी चालक से सुबह 11 बजे आने का कारण पूछा तो चालक ने गालीगलौज की और कचरा उठाए बिना ही चला गया। ऐसे में नागरिक कचरा सड़क पर फेंकने को विवश होते हैं।