A 74-Year-Old Was Killed Near The CM Residence In Nagpur: नागपुर के हाई-प्रोफाइल और वीआईपी इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुख्यमंत्री आवास के बेहद करीब जापानी गार्डन चौक से लोकभवन की ओर जाने वाली सड़क पर शराब के नशे में धुत एक तेज रफ्तार कार चालक ने फुटपाथ पर टहल रहे 74 वर्षीय बुजुर्ग को बुरी तरह रौंद दिया। अस्पताल ले जाने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान अवस्थीनगर चौक निवासी कैलाश नत्थूराम सौंधिया (74) के रूप में हुई है, जो रोज की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मानकापुर निवासी आरोपी चालक तुषार राजरतन काकड़े (32) अपनी कार (MH 31-GD 0088) को अत्यधिक तेज गति में दौड़ा रहा था। बताया जा रहा है कि रेसिंग लगाने के दौरान चढ़ाई पर आरोपी का कार से संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे फुटपाथ पर जा चढ़ी।
फुटपाथ पर पैदल चल रहे कैलाश सौंधिया कार की सीधी चपेट में आ गए। इसके बाद कार वन विभाग के कंपाउंड की दीवार से जा टकराई और रुकी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान हो गए। वहां मौजूद अन्य मॉर्निंग वॉकर्स ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी अवस्था में उन्हें मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नागपुर पुलिस ने घटनास्थल से ही आरोपी तुषार काकड़े को हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच कराने पर उसके शराब के भारी नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतक के भतीजे चेतन सौंधिया की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।