Nagpur Drug Peddlers Arrested: नागपुर जिले में क्राइम ब्रांच के नशीले पदार्थ विरोधी दस्ते और यूनिट 2 की टीम ने गोपनीय जानकारी के आधार पर 2 ड्रग्स विक्रेताओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनसे 68.600 ग्राम मेफेड्रॉन ड्रग्स (MD) जब्त की।
उन्हें माल सप्लाई करने वाले बड़े ड्रग पेडलरों की तलाश की जा रही है। नशीले पदार्थ विरोधी दस्ता यशोधरानगर थाना क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री आवास योजना ववार्टर के पास काले रंग की एसयूवी गाड़ी में एक व्यक्ति ड्रग्स की बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करके हमीदनगर निवासी इजाजुद्दीन रियाजुद्दीन सिद्दीकी (40) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब में जिपलॉक पन्नी में 58.600 ग्राम एमडी बरामद हुआ।
पूछताछ करने पर उसने हमीदनगर निवासी आमिर मुकीम मलिक, करीम मुकीम मलिक, शिबू मलिक, कैफ मलिक, सागर मोहम्मद लतीफ अंसारी और ओसामा द्वारा माल सप्लाई किए जाने की जानकारी दी।
नागपुर जिले में दूसरी कार्रवाई यूनिट 2 की टीम ने राणाप्रतापनगर थाना क्षेत्र में की। पकड़े गए आरोपियों में न्यू नीलडोह, हिंगना रोड निवासी अक्षय चंद्रशेखर यावलकर (29) और एक नाबालिग का समावेश है। पुलिस दस्ता हिंगना टी-प्वाइंट परिसर में गश्त कर रहा था।
सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन के समीप पुलिस को दोपहिया वाहन पर 2 युवक संदेहास्पद स्थिति में दिखाई दिए। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों को पकड़ा। तलाशी लेने पर अक्षय की जेब में 11 ग्राम एमडी बरामद हुई।
दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस कानून (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त की गई एमडी ड्रग्स की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच की टीम अब इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और बड़े पेडलरों तक पहुंचने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह खत्म करने के लिए आने वाले दिनों में यह अभियान और सख्त किया जाएगा।