Birth and Death Certificate Nagpur: नागपुर महानगरपालिका के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण विभाग के कार्यों, नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं में आ रहीं कठिनाइयों को लेकर मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने समीक्षा बैठक ली जिसमें CRS पोर्टल से संबंधित तकनीकी मामलों, वर्ष 2016 से पूर्व के जन्म-मृत्यु अभिलेखों के कार्य, लंबित प्रकरणों तथा आवश्यक कर्मचारियों व सुविधाओं के संबंध में विभाग को उचित दिशानिर्देश दिए गए।
नागरिकों को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण तथा संबंधित प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने में आ रही कठिनाइयों के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
विभाग में लंबित कार्यों का निपटारा कर कार्यभार कम करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कर्मचारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ 24 बाय 7 कार्य 3 पालियों में संचालित करने के निर्देश आयुक्त ने दिए। तद्नुसार सुबह, दोपहर एवं रात्रि- इन 3 पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण का लंबित कार्य गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
नागपुर महानगरपालिका के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण विभाग के उपलब्ध कर्मचारियों का सही उपयोग करते हुए पंजीकरण का कार्य समय पर पूरा करने तथा आवश्यकतानुसार रात्रि पाली में भी कर्मचारी नियुक्त कर लंबित प्रकरणों का निपटारा करने के निर्देश आयुक्त ने दिए।
इससे लंबित कार्यों का भार कम होगा और एक User ID से आवश्यक कार्य सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इस संबंध में भी योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त विभाग की तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित तंत्र से समन्वय साधने, लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और नागरिकों को सेवा देते समय अनावश्यक विलंब न हो, इसका ध्यान रखने की हिदायतें भी दीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम, वैद्यकीय अधिकारी तथा उपनिबंधक (जन्म-मृत्यु) डॉ. गोवर्धन नवखरे, जिला परिषद नागपुर की जिला माता एवं बाल संगोपन अधिकारी डॉ. रेवती साबले, सांख्यिकी अधिकारी प्रियंका पवार तथा महानगरपालिका के सभी जन्म-मृत्यु कर्मचारी एवं जोनल अधिकारी उपस्थित थे।