Maharashtra LPG Safety Campaign: महाराष्ट्र सरकार के अन्न, नागरिक आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण विभाग तथा राज्य के विभिन्न जिला आपूर्ति कार्यालयों/खाद्यान्न वितरण कार्यालयों ने 'ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन' की विशेष पहल का संज्ञान लेते हुए एक महत्वपूर्ण एवं नीतिगत आदेश जारी किया है।
इस आदेश के अनुसार राज्य के सभी 36 जिलों में घरेलू एलपीजी गैस वितरण वाहनों पर 'भाई आया रे गैस सिलेंडर' जनहित सुरक्षा एवं ग्राहक जागरूकता गीत लाउडस्पीकर द्वारा बजाना अनिवार्य कर दिया गया है।
जिस प्रकार 'गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल...' संदेश से स्वच्छता अभियान को अपार सफलता मिली, उसी तर्ज पर घरेलू गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना, ग्राहकों के साथ होने वाली संभावित धोखाधड़ी को रोकना, कालाबाजारी व अवैध उपयोग पर अंकुश लगाना और गैस उपयोग से जुड़े सुरक्षा नियमों को नागरिकों तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। यह सुरक्षा गीत ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन सोलंके की संकल्पना और निर्माण में तैयार किया गया है।
गैस वितरण कर्मचारी के पास प्रमाणित डिजिटल पोर्टेबल वजन मशीन होना अनिवार्य है। ग्राहकों की मांग पर उनके सामने ही सिलेंडर का वजन करके दिखाना आवश्यक है।
सिलेंडर की एक्सपायरी / वैधता तिथि की जांच करना तथा लीकेज डिटेक्टर से गैस रिसाव की मुफ्त जांच कराना, सभी गैस एजेंसियों के वाहनों पर संबंधित एजेंसी का नाम स्पष्ट अक्षरों में लिखा होना अनिवार्य है, गैस वितरक कर्मचारियों के पास पहचान पत्र और सुरक्षा यूनिफॉर्म होना अनिवार्य किया गया है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपयोग को लेकर नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा हो और हर ग्राहक को अपने अधिकारों की पूरी जानकारी मिले, इसी उद्देश्य से हमने यह गीत तैयार किया है।
- अध्यक्ष ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन, नितिन सोलंके