Nagpur Weather Update: नागपुर शहर सोमवार की रात को जोरदार बारिश के बाद मंगलवार को बादल थमे रहे। हालांकि कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई लेकिन बारिश नहीं हुई थी। बुधवार को दोबारा बादल फार्म में आ गए। सुबह से बारिश की झड़ी लगी रही। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे से बारिश शुरू हुई। कभी रिमझिम तो कभी हल्की बारिश होती रही।
दोपहर करीब 1 बजे तक यही सिलसिला जारी रहा। इसके बाद कुछ घंटों के लिए बादल थम गए। हालांकि शाम के वक्त उमस महसूस हुई। मौसम विभाग ने शाम 5:30 बजे तक सिटी में 2.0 मिमी बारिश दर्ज की। देर शाम दोबारा घने काले बादल छाने लगे।
रात करीब 8:30 बजे के बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। रात को तेज गर्जना के साथ शहर में हुई जोरदार बारिश ने मौसम कूल-कूल कर दिया। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव भी हुआ। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रात में करीब डेढ़ घंटे तक जोरदार बरसने के बाद देर रात रिमझिम बारिश होती रही।
मौसम विभाग से मिले संकेतों के अनुसार गुरुवार को भी सिटी में जोरदार बारिश हो सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री दर्ज हुआ, यह औसत से 3.9 डिग्री कम रहा। मंगलवार की तुलना में 2.2 डिसे की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 24.6 डिसे दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिसे कम रहा। बीते 24 घंटों में 12 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
तेज बारिश और तेज हवा के कारण शहर में 6 स्थानों पर पेड़ धराशायी होने की घटनाएं सामने आईं। इससे कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दत्तात्रेयनगर स्थित वीरूभाई बिरयानी सेंटर के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया।
यह भी पढ़ें:-Jio का बड़ा AI धमाका, अब सिर्फ Hey Jio बोलते ही बनेगी कॉल की Summary, अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं
इसके अलावा चिटणीस पार्क प्रवेश द्वार के सामने गांधीबाग सहकारी बैंक के समीप, पीपी ऑफिस के पास गंगाबाई घाट क्षेत्र के नवापुरा स्थित हनुमान मंदिर के निकट, गजानननगर-सुभाषनगर के पास नेल्को सोसाइटी के समीप सुपर बाजार के सामने तथा धरमपेठ वाचनालय और झेडा चौक स्थित आपटे अस्पताल के पास भी पेड़ गिरने की घटनाएं हुई।
मेडिकल के पास । विशाल पेड़ धराशायी हुआ। दोपहिया चालक पेड़ की चपेट में आने से गंभीर जख्मी हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जवानों ने पेड़ों को हटाकर सड़कों से यातायात सुचारु कराने का कार्य देर रात तक जारी रखा।