नागपुर के शासकीय दंत महाविद्यालय के छात्रावास में रैगिंग का आरोप।
दो जूनियर विद्यार्थियों को जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने का दावा।
शराब की बोतल फोड़कर उसके कांच के टुकड़े उठवाने का भी आरोप।
एंटी रैगिंग कमेटी ने तीन वरिष्ठ विद्यार्थियों को छात्रावास से बाहर किया।
अजनी पुलिस ने कॉलेज पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
Nagpur Student Ragging Ajni Police: नागपुर शासकीय दंत महाविद्यालय के छात्रावास में जूनियर विद्यार्थियों के साथ रैगिंग और दुव्र्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। शराब की बोतल फोड़कर उसके कांच के टुकड़े जूनियर विद्यार्थियों से उठवाने और जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने के आरोपों के बाद कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई की है।
एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक के बाद 3 वरिष्ठ विद्यार्थियों को तत्काल छात्रावास से बाहर कर दिया गया। यह कार्रवाई फिलहाल अस्थायी है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित विद्यार्थियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
इस मामले में अजनी पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। गुरुवार को पुलिस की टीम जांच के लिए शासकीय दंत महाविद्यालय पहुंची। पुलिस ने मामले से संबंधित जानकारी जुटाई। जानकारी के अनुसार, शासकीय दंत महाविद्यालय में नए विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र करीब 15 दिन पहले ही शुरू हुआ है।
इनमें से कई विद्यार्थी कॉलेज के छात्रावास में रहते हैं। जूनियर और सीनियर विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग आवास व्यवस्था होने के बावजूद 2 दिन पहले वरिष्ठ विद्यार्थियों ने 2 जूनियर छात्रों को एक स्थान पर बुलाया।
आरोप है कि वहां उनके साथ गालीगलौज की गई और जातिसूचक टिप्पणियां कर अपमानित किया गया। इतना ही नहीं, वरिष्ठ विद्यार्थियों ने शराब की खाली बोतल फोड़कर उसके कांच के टुकड़े जूनियर विद्यार्थियों से उठवाए, दिवाली की छुट्टियों में विद्यार्थी अपने घर पहुंचे जिसके बाद परिजनों के माध्यम से इस घटना की शिकायत सामने आई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। सहसंचालक और आयुक्त स्तर पर भी इसकी दखल ली गई तथा जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। गुरुवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में 3 चरिष्ठ विद्यार्थियों को तत्काल छात्रावास खाली करने का निर्देश दिया गया।