नागपुर हादसा, डिलीवरी बॉय मौत, (सोर्स: सौजन्य AI) 
नागपुर

नागपुर में तेज रफ्तार बाइक का कहर: 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय की दर्दनाक मौत, दो युवक घायल

Nagpur Ring Road Accident: नागपुर के रिंग रोड पर हाईस्पीड बाइक की टक्कर में 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय आदित्य मेश्राम की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी गंभीर घायल हुए।

अंकिता पटेल

Nagpur Accident Delivery Boy Death: नागपुर के राणाप्रतापनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से यह हादसा हुआ, जिसमें बाइक पर सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान आदित्य रामेश्वर मेश्राम (21) निवासी घाड़ीवाल लेआउट, रिंग रोड के रूप में हुई है। आदित्य एक ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था और अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाने में पिता का सहारा था। उसके पिता रामेश्वर मेश्राम टाइल्स फिटिंग का काम करते हैं। परिवार की आजीविका पिता और बेटे दोनों की कमाई से चल रही थी।

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत

बताया जा रहा है कि शनिवार रात भी आदित्य रोज की तरह डिलीवरी के काम पर निकला था। रात करीब 9:30 बजे, वह अत्रे लेआउट से पार्सल लेकर प्रतापनगर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्रीन बार एंड रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार बाइक ने उसकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, बाइक चालक की पहचान युवराज मुकेश अलीने (23) निवासी बल्लारशाह, जिला चंद्रपुर के रूप में हुई है। उसके साथ बाइक पर मयूर संजय वाढई (22) भी सवार था। आरोप है कि युवराज तेज गति और लापरवाही से बाइक चला रहा था, जिसके कारण उसने आदित्य की मोपेड को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आदित्य सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक सवार युवराज और मयूर भी बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

हाईस्पीड बाइक हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत, चालक पर केस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के दौरान आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवराज और मयूर का इलाज जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि आदित्य परिवार का कमाने वाला सदस्य था और उसकी आय घर चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। परिवार और स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आदित्य के पिता रामेश्वर मेश्राम की शिकायत के आधार पर राणाप्रतापनगर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक युवराज मुकेश अलीने के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

CJP Protest: प्रिवेंटिव कस्टडी में अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास, आज मजिस्ट्रेट के सामने पेशी

Weather Today: मानसून की वापसी तेज, अंडमान-निकोबार में भारी बारिश के आसार, तटीय इलाकों में उमस बढ़ेंगी

पेपर लीक अब एक रोग बन गया है, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का बड़ा बयान, इसे रोकने सरकारें उठा रही बड़े कदम

NIA ने फ्लाईदुबई घटना की जांच के लिए केस दर्ज किया, ओमानी को-पायलट को बनाया गया आरोपी

आज फिर सुबह 10 बजे जंतर-मंतर लौटेगा CJP, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा प्रदर्शन