Nagpur Graduate Constituency Election: नागपुर विभाग स्नातक (ग्रेजुएट) विधान परिषद सीट के आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अनिल सोले को फिर से राजनीतिक रूप से 'रीलांच' करने की तैयारियां शुरू हो गई है।
20 सितंबर को उनके 67वें जन्मदिन के अवसर पर एक भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बाद अनिल सोले ने विधान परिषद की स्नातक सीट पर जीत हासिल की थी। वर्ष 2020 में बीजेपी उम्मीदवार संदीप जोशी के चुनाव हारने के बाद से इस सीट पर अनिल सोले के समर्थक एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस से मौजूदा विधायक अभिजीत वंजारी का नाम तय माना जा रहा है, जबकि बीजेपी में सुधाकर कोहली के अलावा अनिल सोले का नाम भी दावेदारों में सबसे आगे चल रहा है। सोले का वोटर रजिस्ट्रेशन, चुनाव प्रबंधन और जमीनी जनसंपर्क का पुराना अनुभव बीजेपी के लिए अहम माना जा रहा है।
नागपुर विभाग स्नातक (ग्रेजुएट) विधान परिषद सीट के आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और पर्यावरण के क्षेत्र में दिए योगदान के लिए अनिल सोले का 20 सितंबर को सुबह 11.30 बजे वर्धा रोड स्थित ग्रैंड बैंक्वेट हॉल में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे, संयोजक गिरीश व्यास ने बताया कि सोले ने महापौर, शिक्षक और पर्यावरणविद के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विधायक संजय भेडे, जयप्रकाश गुप्ता, अशोक मानकर, मिलिंद माने, विकास कुंभारे, सुनील अग्रवाल, गौरीशंकर पाराशर, प्रमोद पेंडके, चेतन कायरकर उपस्थित थे।