Nagpur Ajni Railway Colony Poor Maintenance: एशिया की सबसे बड़ी रेलवे कॉलोनियों में शामिल नागपुर जिले के अजनी रेलवे कॉलोनी की बदहाली को लेकर सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (सीआरएमएस) ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
सीआरएमएस ने आरोप लगाया है कि कॉलोनी के रखरखाव, सफाई और नागरिक सुविधाओं के लिए पर्याप्त रेलवे स्टाफ उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे कॉलोनी की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सीआरएमएस ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सीआरएमएस के अनुसार, रेलवे कॉलोनी के रखरखाव के लिए प्रारंभिक ठेके के समय करीब 40 कर्मचारियों की व्यवस्था की गई थी। इनमें लगभग 30 कर्मचारी कॉलोनी के रखरखाव और 9-10 कर्मचारी पंप हाउस संचालन के लिए तैनात थे। आरोप है कि बाद में कर्मचारियों की वास्तविक संख्या कम होने के बावजूद भुगतान पहले की संख्या के आधार पर किया जा रहा है। इससे वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका पैदा हो रही है।
सीआरएमएस ने कहा कि अजनी रेलवे कॉलोनी को एशिया की सबसे बड़ी रेलवे कॉलोनियों में गिना जाता है, लेकिन इसके बावजूद यहां नागरिक सुविधाओं और रखरखाव के लिए पर्याप्त स्थायी रेलवे स्टाफ नहीं है। हाल ही में आईओडब्ल्यू विभाग के कर्मचारियों को अन्य स्टेशनों और स्थानों पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
सीआरएमएस ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रैकमैन कर्मचारियों का उपयोग उनके मूल कार्यों के बजाय विभिन्न कार्यालयों और अधिकारियों के बंगलों में किया जा रहा है। इससे ट्रैक रखरखाव और रेलवे सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें:-पुणे वंदे भारत को मिला बंपर रिस्पॉन्स, अब नागपुर-मुंबई के बीच भी प्रीमियम ट्रेन की मांग तेज
सीआरएमएस का कहना है कि ट्रैकमैनों को केवल उनके मूल कार्यों में लगाया जाए और युवा एवं सक्षम कर्मचारियों को ट्रैक मेंटेनेंस कार्यों में प्राथमिकता दी जाए। सीआरएमएस ने रेलवे प्रशासन से अजनी कॉलोनी की समस्याओं, रखरखाव में कथित अनियमितताओं और कर्मचारियों के दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।