एशियन गेम्स की पदक विजेताओं का सम्मान (फोटो नवभारत)
मुंबई

एशियन गेम्स में पश्चिम रेलवे की महिला खिलाड़ियों का परचम, 6 पदक विजेताओं का जीएम ने किया सम्मान

Western Railway Asian Games Medalists: एशियन गेम्स 2026 में पदक जीतने वाली पश्चिम रेलवे की 6 महिला खिलाड़ियों का चर्चगेट मुख्यालय में सम्मान हुआ। खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आलोक उमाकृष्ण

Asian Games Women Medalists Felicitation Mumbai: एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली पश्चिम रेलवे की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का बुधवार को चर्चगेट स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में उत्सव मनाया गया। जीएम रामाश्रय पाण्डेय ने 6 महिला पदक विजेताओं का अभिनंदन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

इनमें चार खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीमों का हिस्सा रहीं, जबकि दो खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किया। महाप्रबंधक ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और पश्चिम रेलवे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग देता रहेगा।

हॉकी और कबड्डी में स्वर्ण पदक

पश्चिम रेलवे की नवनीत कौर और सुनेलिता टोप्पो भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा थीं। टीम ने फाइनल में चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में 44 साल बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया।

वहीं सोनाली शिंगाटे और राज रानी स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा रहीं। भारतीय टीम ने फाइनल में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

कुश्ती और शूटिंग में भी चमकीं खिलाड़ी

अंतिम पंघाल ने महिला 53 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में रजत पदक जीता, जबकि सोनम उत्तम मस्कर ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। पश्चिम रेलवे के इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खेलों में रेलवे के योगदान को मजबूत किया है।

एशियन गेम्स में पुरुष हाई जंप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले आदर्श राम और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती रेफरी के रूप में सेवाएं देने वाले सत्यदेव मलिक की भी जीएम ने सराहना की।

खिलाड़ियों को मिलती हैं विशेष सुविधाएं

रामाश्रय पाण्डेय ने बताया कि रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड 29 मान्यता प्राप्त खेलों को बढ़ावा देता है। भारतीय रेल के 69 खिलाड़ी, 10 प्रशिक्षक और तीन रेफरी एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पश्चिम रेलवे में हर साल 73 खिलाड़ियों की भर्ती का प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए विशेष सुविधाएं दी जाती हैं। पात्र खिलाड़ियों को 330 दिनों तक विशेष आकस्मिक अवकाश, निर्धारित मानदंडों के तहत आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नति और प्रोत्साहन वेतन वृद्धि जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

खेल सुविधाओं को बढ़ावा

पश्चिम रेलवे के महालक्ष्मी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित अहमदाबाद और उज्जैन स्थित खेल सुविधाओं का भी खिलाड़ियों की तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान है। इस अवसर पर प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षण, फिटनेस, टीमवर्क और परिवार के सहयोग को सफलता की अहम वजह बताया।

महाप्रबंधक ने मीडिया से विभिन्न खेलों और खिलाड़ियों को अधिक दृश्यता देने की अपील करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को व्यापक पहचान मिलने से नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक एवं पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ के अध्यक्ष वी. ए. मालेगांवकर, पश्चिम रेलवे के मुख्य बिजली वितरण इंजीनियर एवं WRSA के मानद महासचिव विवेक दीक्षित तथा WRSA के ऑफिसर ऑन स्‍पेशल ड्यूटी (स्पोर्ट्स) पप्पू यादव, पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनित अभिषेक व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

INDIA Alliance: कांग्रेस का हल्ला बोल, कल मनाएगी काला दिन; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी जंग

INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार! सुधांशु त्रिवेदी बोले- निहायत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय

मिथुन चक्रवर्ती बने बंगाल सरकार के सलाहकार, कैबिनेट मंत्री के बराबर होगा दर्जा

बैरिकेड, धक्का-मुक्की और हिरासत...राहुल गांधी को पुलिस ने रोका, प्रियंका बोलीं- मुझे जगह-जगह खरोंचा गया

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़े राहुल गांधी, बोले- 100 FIR भी मंजूर, हर केस मेरे लिए मेडल