स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर बना।
सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे।
रत्नागिरी समुद्री तटीय शहरों में तीसरे स्थान पर रहा।
Swachh Survekshan 2025-26 Winners List: देश के सबसे साफ शहरों की तस्वीर सामने आ गई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में महाराष्ट्र के नवी मुंबई ने राष्ट्रीय स्वच्छ शहर श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है। गुजरात का सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, मध्य प्रदेश के रीवा ने सबसे स्वच्छ नदी तटीय शहरों की श्रेणी में बाजी मारी, जबकि उत्तराखंड के रुद्रपुर को सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर चुना गया।
इस बार सर्वेक्षण में नदी किनारे बसे शहरों, समुद्री तटों और पहाड़ी क्षेत्रों की सफाई को भी अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया। वहीं, अब तक स्वच्छ शहरों की सूची में पहला स्थान हासिल करते रहे इंदौर को इस बार मेंटर शहरों की सूची में रखा गया। इसमें अहमदाबद शीर्ष पायदान पर रहा। दूसरे स्थान पर इंदौर रहा। मेंटर शहर का मतलब है, ऐसा शहर जो दूसरे शहर को सफाई करना सिखाए और उसकी मदद करे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए। ये पुरस्कार स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत शहरों में सफाई और स्वच्छता के लिए किए गए प्रयासों को मान्यता देने के लिए दिए गए।
यह सर्वेक्षण का दसवां संस्करण है। इस साल इसकी थीम 'स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई। इसका उद्देश्य शहरों में सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ना है।
राष्ट्रीय स्वच्छ शहर श्रेणी में नवी मुंबई पहले, सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे। इस श्रेणी में शहरों की सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को परखा गया। इसका उद्देश्य नगर निकायों के बीच बेहतर काम करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है।
स्वच्छ शहर लीग के तहत भी शहरों के प्रदर्शन का आकलन सफाई और कचरे के सही प्रबंधन जैसे मानकों पर किया जाता है। इस तरह की रैंकिंग से स्थानीय निकायों को अपनी व्यवस्था सुधारने और शहरों को साफ रखने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
नदी तटीय शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के रीवा ने पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ का बिलासपुर दूसरे और उत्तर प्रदेश का वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, समुद्र तट वाले शहरों की श्रेणी में ओडिशा का पुरी पहले स्थान पर रहा।
केरल के अलप्पुझा को दूसरा और महाराष्ट्र के रत्नागिरी को तीसरा स्थान मिला। इन श्रेणियों में नदी और समुद्र के किनारे बसे शहरी इलाकों की सफाई को महत्व दिया गया। सर्वेक्षण में जल स्रोतों और उनके आसपास के क्षेत्रों को भी पहले से अधिक दायरे में शामिल किया गया।
हिमालयी शहरों की श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर ने पहला स्थान हासिल किया। जम्मू दूसरे और जम्मू-कश्मीर का शोपियां तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत अहमदाबाद को पहला मेंटर शहर चुना गया, जबकि गुजरात के साणंद को उसका मेंटी शहर माना गया। इंदौर दूसरे स्थान पर मेंटर शहर रहा और मध्य प्रदेश के देपालपुर को उसका मेंटी शहर चुना गया। इस पहल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को दूसरे शहरों की सफाई व्यवस्था सुधारने में मार्गदर्शन देने की भूमिका दी गई है।
राष्ट्रीय स्वच्छ शहर: नवी मुंबई, सूरत, विजयवाड़ा।
स्वच्छ नदी तटीय शहर: रीवा, बिलासपुर, वाराणसी।
स्वच्छ समुद्री तटीय शहर: पुरी, अलप्पुझा, रत्नागिरी।
स्वच्छ हिमालयी शहर: रुद्रपुर, जम्मू, शोपियां।
मेंटर शहर: अहमदाबाद पहले और इंदौर दूसरे स्थान पर।
स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत 2016 में हुई थी, जब इसमें केवल 73 शहरी निकाय शामिल थे। दसवें संस्करण तक इसका दायरा बढ़कर 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। इस बार खुले में शौच और पेशाब रोकने, पर्यटन स्थलों की सफाई, स्कूलों में स्वच्छता और नागरिकों की भागीदारी को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया।
इस वर्ष की थीम 'स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई थी। इसका उद्देश्य शहरों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ आम नागरिकों को भी सफाई अभियान से जोड़ना है।