मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने हासिल किया अहम पड़ाव
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में 50 किमी ट्रैक पर दौड़ी बिजली
शोर कम करने के लिए लगाए गए 94 हजार नॉइज बैरियर्स
Bullet Train Surat Bilimora Section Energised: देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन परियोजना ने निर्माण और तकनीकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के गुजरात स्थित सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम में बिजली दौड़ाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही लगभग 50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल कॉरिडोर पर बिजली आपूर्ति की शुरुआत हो गई है। यह उपलब्धि परियोजना के अगले चरण की टेस्टिंग और तकनीकी परीक्षणों का रास्ता खोलेगी। सूरत-बिलिमोरा के बीच देश में पहली बार बुलेट ट्रेन को दौड़ाने का लक्ष्य पहला 2027 में रखा गया है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। यह तकनीक दुनिया की आधुनिक हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं में इस्तेमाल होती है। इससे तेज रफ्तार ट्रेनों को विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
रेलवे की तकनीकी टीमों की निगरानी में इस सेक्शन में बिजली आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। सुरक्षा मानकों और निर्धारित तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए छोटे-छोटे हिस्सों में एनर्जाइजेशन किया जाएगा। इस सेक्शन में अप और डाउन, दोनों रेल लाइनें एलिवेटेड ट्रैक पर बनाई गई हैं।
3 राज्यों से गुजरने वाले 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर कुल 14 ट्रैक्शन सब-स्टेशन (TSS) स्थापित किए जा रहे हैं। ये सब-स्टेशन नेशनल ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन नेटवर्क तक पहुंचाएंगे।
गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा में बने पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर से संबंधित इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो चुका है।
गुजरात के सब-स्टेशनों को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के 220 केवी अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली मिलेगी। पूरे विद्युत नेटवर्क का संचालन और निगरानी केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।
सूरत-बिलिमोरा का लगभग 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड सेक्शन इंजीनियरिंग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग में चार नदियों पर निर्मित पुल और नेशनल हाईवे-53 (NH-53) के ऊपर बनाया गया स्टील ब्रिज शामिल है। हाई-स्पीड ट्रेन परिचालन के दौरान आसपास के रिहायशी और अन्य क्षेत्रों में ध्वनि का प्रभाव कम करने के लिए पूरे वायाडक्ट पर लगभग 94,000 नॉइज़ बैरियर्स लगाए गए हैं। इस तरह नॉइज बैरियर बुलेट ट्रेन के पूरे मार्ग पर अगले चरणों में भी लगेंगे।
OHE सिस्टम के ऊर्जीकृत होने के बाद रेलवे प्रशासन ने आसपास रहने वाले नागरिकों, यात्रियों, निर्माण श्रमिकों और आम लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ओवरहेड बिजली उपकरणों के पास जाना, उन्हें छूना या उनके आसपास किसी भी तरह का अनधिकृत कार्य करना बेहद खतरनाक हो सकता है।