Eknath Shinde On Sukhbir Singh Badal Nanded Attack: महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित मुगत गांव में माता साहिब देवाजी गुरुद्वारे के पास पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए जानलेवा हमले के बाद राज्य का प्रशासनिक और राजनीतिक पारा चढ़ गया है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शिंदे ने सुखबीर बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सांसद हरसिमरत कौर से बात करते हुए कहा कि इस कायराना हमले के साजिशकर्ताओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके तुरंत बाद शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) से सीधे संपर्क कर सुरक्षा में हुई चूक का ब्योरा लिया।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को पूरी घटना की सूक्ष्मता से जांच करने और मामले के हर पहलू का पर्दाफाश करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर हरसिमरत कौर से बात कर सुखबीर बादल की सेहत का हालचाल जाना था।
यह घटना दोपहर करीब 1:50 बजे उस समय हुई जब सुखबीर बादल गुरुद्वारा साहिब में दर्शन के बाद सीढ़ियों से उतर रहे थे। अचानक एक हमलावर ने उन पर कृपाण (धारदार हथियार) से हमला बोल दिया, जिससे उनकी दाहिनी बांह पर 4 से 5 सेंटीमीटर गहरा घाव हो गया।
उन्हें बचाने के प्रयास में स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट का एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुखबीर बादल के हाथ में तीन टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नांदेड़ पुलिस द्वारा मौके से हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान 62 वर्षीय जसपाल सिंह तेजा सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का पुणे शहर से गहरा नाता रहा है।
शैक्षणिक व व्यापारिक पृष्ठभूमि: लॉ ग्रेजुएट जसपाल सिंह ने पुणे के कैंप इलाके में वकालत की, एक स्थानीय छोटा समाचार पत्र चलाया और लगभग तीन साल तक स्नैक्स सेंटर (कैंटीन) का संचालन भी किया।
पारिवारिक स्थिति: उसकी पत्नी कैंप के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका हैं, जो उससे अलग रहती हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि तेजा सिंह का अपने परिवार से न के बराबर संपर्क था।
ATS की छापेमारी: 2024 में तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में 'सेवा' के लिए नांदेड़ आने से पहले वह पुणे में ही रहता था। घटना के बाद पुणे क्राइम ब्रांच और महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) की टीम ने उसके पुणे स्थित घर पर देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अब आरोपी के पिछले ट्रैक रिकॉर्ड और हमले के पीछे के मुख्य मकसद की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।