कार्यक्रम का आयोजन दादर के छत्रपति शिवाजी पार्क में हुआ।
राहुल देशपांडे, संकर्षण कऱ्हाडे और प्राजक्ता शुक्रे ने प्रस्तुतियां दीं।
अभि मुंडे ने विशेष काव्य पाठ किया।
महाजप फाउंडेशन को 11 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
Maharashtra Drought Hit Farmers: महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए सुगी ग्रुप ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए 2 करोड़ 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
वहीं, दिवाली की सुबह संगीत, संस्कृति और भक्ति के रंग में रंगी सुगी की 'दिवाली पहाट' में 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों ने शिरकत की। दादर स्थित छत्रपति शिवाजी पार्क में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने दिवाली के उत्साह को संगीत के सुरों के साथ यादगार बना दिया।
महाराष्ट्र राज्य के कई इलाकों में सूखे, पानी की किल्लत और किसानों पर बढ़ते कर्ज के बोझ को देखते हुए सुगी ग्रुप ने 2 करोड़ 15 लाख रुपये की सहायता घोषित की है। यह राशि पांच सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएगी। इसमें पारिजात फाउंडेशन, नाम फाउंडेशन, ग्राम मंगल और सरस्वती देवी विद्या विकास ट्रस्ट को 51-51 लाख रुपये, जबकि महाजप फाउंडेशन को 11 लाख रुपये दिए जाएंगे।
सुगी ग्रुप के संस्थापक निशांत देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति बेहद गंभीर है। पानी की कमी, कर्ज का बढ़ता बोझ और किसानों के सामने खड़ी चुनौतियां पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं। आने वाले आठ महीने किसानों के लिए और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
ऐसे में सुगी ग्रुप ने सामाजिक दायित्व निभाने की दिशा में अपनी ओर से यह छोटी-सी शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि किसान हैं तभी हम हैं। समाज के हर व्यक्ति को आगे आकर खुले दिल से किसान भाइयों की मदद करनी चाहिए। किसानों तक यह विश्वास पहुंचाना जरूरी है कि पूरा महाराष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
सुगी की दिवाली पहाट ने एक ओर जहां संगीत और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया, वहीं दूसरी ओर किसानों की मदद के जरिए सामाजिक एकजुटता और जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में प्रख्यात शास्त्रीय गायक राहुल देशपांडे, लोकप्रिय अभिनेता एवं सूत्रधार संकर्षण कऱ्हाडे और गायिका प्राजक्ता शुक्रे ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, अभि मुंडे के विशेष काव्य पाठ ने कार्यक्रम में साहित्य और संवेदना का अनूठा रंग भर दिया। इस मौके पर अभिनेता स्वप्निल जोशी (पारिजात फाउंडेशन) और अभिनेता मकरंद अनासपुरे (नाम फाउंडेशन) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।