SRA Mumbai Projects: मुंबई झोपड़पट्टी पुनर्वसन योजनाओं को वर्षों तक लंबित रखने वाले निष्क्रिय डेवलपरों के खिलाफ झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA) ने कार्रवाई तेज कर दी है। वर्ष 2024 से अब तक 471 प्रोजेक्टों से डेवलपरों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
इस कार्रवाई का उद्देश्य कागजों पर अटकी योजनाओं को गति देना और पात्र झोपड़पट्टीधारकों को समय पर पुनर्वसन मकान उपलब्ध कराना है।
SRA के अनुसार, वर्ष 2024-25 के दौरान 243 प्रोजेक्टों में डेवलपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बाद 154 और प्रोजेक्टों में डेवलपर हटाने की प्रक्रिया पूरी हुई।
चालू वर्ष में अब तक 74 प्रोजेक्टों पर ऐसी कार्रवाई की जा चुकी है। इस तरह 2024 से अब तक कुल 471 परियोजनाओं में डेवलपर हटाने की कार्रवाई हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई शहर में झोपड़पट्टी पुनर्वसन योजनाएं वर्षों से लंबित थीं, जबकि कुछ परियोजनाएं दशकों से आगे नहीं बढ़ पाई थीं।
प्रस्ताव जमा होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले डेवलपरों के कारण पात्र रहिवासियों को अपने पुनर्वसन घरों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। अब ऐसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
नियमों के तहत SRA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वतः संज्ञान लेकर या संबंधित सहकारी गृहनिर्माण संस्था के आवेदन अथवा प्रस्ताव के आधार पर डेवलपर के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं। डेवलपर हटाए जाने के बाद संबंधित सोसायटी की आमसभा नए डेवलपर या एजेंसी की नियुक्ति कर सकती है। यह प्रक्रिया SRA अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की जाती है।
SRA अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में महाराष्ट्र झोपड़पट्टी क्षेत्र अधिनियम की धारा 13(2) के तहत की गई कार्रवाई पिछले पांच वर्षों की तुलना में काफी अधिक रही है।
इसके जरिए लंबे समय से रुकी परियोजनाओं को नए सिरे से शुरू करने की कोशिश की जा रही है, ताकि पात्र लाभार्थियों को उनके पुनर्वसन आवास मिल सकें।
SRA ने वर्ष 2030 तक करीब पांच लाख पुनर्वसन मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निष्क्रिय डेवलपरों के खिलाफ कार्रवाई और लंबित परियोजनाओं को गति देना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राधिकरण का जोर अब केवल योजनाओं को मंजूरी देने के बजाय उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर है।