Maharashtra SIR Verification Deadline: राज्य में विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) के तहत करीब 1.80 करोड़ वोटरों के नाम 24 अगस्त को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में कटने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
इन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अब तक चुनाव विभाग को नहीं मिले हैं। यदि 17 अगस्त तक प्रपत्र जमा नहीं किए गए, तो उनके नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हो सकते हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने मतदाताओं से समय सीमा से पहले गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है। राज्य में कुल 9 करोड़ 78 लाख से अधिक मतदाता हैं। इनमें करीब 1 करोड़ 80 लाख 60 हजार मतदाताओं के गणना प्रपत्र अब तक प्राप्त नहीं हुए हैं।
ये मतदाता अनुपस्थित, दूसरे स्थान पर चले गए, मृत या दोहरी प्रविष्टि वाले हो सकते हैं। करीब 36.95 लाख प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, लेकिन उनका डिजिटलीकरण अभी पूरा नहीं हुआ है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुंबई शहर और उपनगर में स्थिति अधिक गंभीर है। यहां अब तक केवल 63 प्रतिशत डेटा ही डिजिटाइज हो सका है।
करीब 30 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्र अब तक चुनाव विभाग को SIR प्राप्त नहीं हुए हैं। यह संख्या मुंबई के कुल मतदाताओं की लगभग 29 से 30 प्रतिशत है। प्रपत्र नहीं मिलने के कारण इन मतदाताओं के नाम 24 अगस्त को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची से बाहर होने की आशंका है।
चुनाव विभाग के अनुसार, इन मतदाताओं में अनुपस्थित रहने वाले, दूसरे स्थान पर चले गए, मृत या दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों ने शेष करीब सात प्रतिशत जानकारी को डिजिटल करने और सत्यापन का काम जारी बताया है।
एस. चोक्कलिंगम ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने गणना प्रपत्र जमा करें। गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तारीख 17 अगस्त निर्धारित की गई है। समय पर प्रपत्र जमा नहीं करने पर प्रारूप सूची में नाम शामिल होने में परेशानी हो सकती है।