Sion Hospital Cashless Treatment: सायन स्थित लोकमान्य तिलक सामान्य अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को जल्द ही विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल में भुगतान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पीओएस मशीनें लगाने के साथ डिजिटल भुगतान के लिए अलग खिड़की भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त मनपा आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा लवंगारे ने शुक्रवार को अस्पताल का दौरा कर क्षमता विस्तार परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन विभाग, विभिन्न वार्डों, एमआईसीयू और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष सहित अस्पताल के कई हिस्सों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई निर्देश दिए।
अस्पताल में एक्स-रे, एमआरआई, बाह्य रोगी विभाग के केस पेपर और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए मरीजों तथा उनके परिजनों को भुगतान करना पड़ता है। वर्तमान में कई जगहों पर नकद भुगतान की आवश्यकता होती है। डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू होने से मरीजों को नकदी लेकर चलने की जरूरत कम होगी।
अलग डिजिटल भुगतान खिड़की बनाए जाने से भुगतान के लिए लगने वाली कतार को भी कम करने में मदद मिलेगी। वर्मा लवंगारे ने अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति और समय पर ड्यूटी से निकलने की निगरानी के लिए सीसीटीवी प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
मनपा मुख्यालय की तर्ज पर कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा।
अस्पताल परिसर में नागरिकों के लिए बाधामुक्त फुटपाथ उपलब्ध कराने और नियंत्रण कक्ष में नियमित रूप से कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम लागू करने की दिशा में कदम उठाने को कहा गया। नवनिर्मित अस्पताल में मरीजों के साथ रेजिडेंट डॉक्टरों व कर्मचारियों के लिए विश्राम एवं मनोरंजन की सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल में नियमित स्वच्छता को प्राथमिकता देने, चूहों और आवारा कुत्तों के उपद्रव को रोकने के लिए उपाय करने पर भी जोर दिया जाएगा।