शिंदे गुट ने 21 जून 2022 की बैठक पर उठाए सवाल।
दावा- एकनाथ शिंदे को बैठक का संदेश 12:31 बजे मिला।
विधायकों की अयोग्यता और नियुक्तियों की वैधता पर भी सवाल उठाए।
Shiv Sena Party Symbol Dispute Supreme Court Hearing: शिवसेना के पार्टी और चुनाव चिह्न विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान शिंदे गुट ने 21 जून 2022 की बैठक को लेकर नया दावा किया है।
शिंदे गुट के वकील ध्रुव मेहता ने अदालत में व्हाट्सएप संदेश का हवाला देते हुए कहा कि बैठक शुरू होने के एक मिनट बाद एकनाथ शिंदे को इसकी सूचना मिली थी। उन्होंने दलील दी कि यह बैठक राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि शिवसेना विधायक दल की थी।
ध्रुव मेहता ने बताया कि शिवसेना (ठाकरे गुट) के तत्कालीन प्रतोद सुनील प्रभु ने 21 जून को दोपहर 12.30 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई थी। बैठक में उपस्थित रहने के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन उसमें कोई विशेष एजेंडा नहीं बताया गया था।
एकनाथ शिंदे को व्हाट्सएप पर बैठक का संदेश दोपहर 12.31 बजे मिला। मेहता के मुताबिक, इससे बैठक में अनुपस्थित रहने के आधार पर किसी विधायक के खिलाफ कार्रवाई को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
मेहता ने दलील दी कि मतदान नहीं करने या पार्टी की बैठक में शामिल नहीं होने मात्र से किसी विधायक को अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अयोग्यता याचिकाओं की संवैधानिक प्रासंगिकता पर भी सवाल उठाए, उनके अनुसार, शिवसेना में आंतरिक चुनाव नहीं होने के कारण चुनाव आयोग का विधायी बहुमत के आधार पर फैसला लेना वैध था।
मेहता ने वर्षा बंगले पर हुई बैठक में एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता पद से हटाकर अजय चौधरी को नियुक्त करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के समर्थन में जिन विधायकों के हस्ताक्षर बताए गए, उनकी जांच नहीं की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि ठाकरे गुट ने अपने आरोपों के समर्थन में केवल व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट पेश किया है।