Sanjay Dina Patil Apologizes: महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर की सफलता के बाद पाला बदलने वाले एक सांसद को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है। मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल ने मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें सरेआम कैमरे पर पीटने की धमकी दे डाली। इस अमर्यादित व्यवहार के बाद मचे सियासी घमासान के बीच आखिरकार सांसद को झुकना पड़ा और उन्होंने बिना शर्त माफी मांगी।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थमने वाले मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल ने एक दिन पहले मीडिया कर्मियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और खुलेआम धमकी दी थी। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक वर्गों से तीखी आलोचना होने के बाद सांसद ने बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांग ली है।
गुरुवार को संजय दीना पाटिल कैमरे के सामने अपना आपा खो बैठे। उन्होंने पत्रकारों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें अपना माइक चेहरे से दूर रखने को कहा। सांसद ने कहा कि अगर तुम लोग फिर यहां आए तो मैं तुम्हें पीटकर भगा दूंगा। इसे कैमरे में रिकॉर्ड करो। मैं पुलिस के सामने यह कह रहा हूं। जो करना है कर लो।'
सांसद संजय दीना पाटिल के इस आक्रामक व्यवहार और अपमानजनक भाषा की महाराष्ट्र के मीडिया संगठनों और रानजीतिक पार्टियों ने कड़ी निंदा की। साथ ही पत्रकारों को धमकाने को गलत बताया। विवाद को बढ़ता देख राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने हस्तक्षेप किया और सांसद को अपनी गलती मानने की सलाह दी।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राजनीतिक तनाव और पार्टी विभाजन के बाद से सांसदों को लेकर निजी हमले बढ़े हैं। शिंदे ने जनप्रतिनिधियों को सलाह देते हुए कहा कि मीडिया के साथ शालीनता बनाए रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- ‘हिम्मत है तो इस्तीफा दो, पत्रकारों को धमकी नहीं’, संजय दीना पाटिल को आदित्य ठाकरे ने दी चुनौती
पार्टी आलाकमान के हस्तक्षेप के बाद संजय दीना पाटिल ने अपने बयान से पलटते हुए एक आधिकारिक माफी मांगी। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि उनका गुस्सा अत्यधिक मानसिक तनाव का परिणाम था। उन्होंने कहा कि पार्टी बदलने के बाद से वह और उनके परिवार के सदस्य पत्नी, बेटी और पिता पर लगातार गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। वे अपमानजनक सवालों का सामना कर रहे हैं।
पाला बदलने वाले सांसद संजय दीना पाटिल ने कहा कि उन्होंने पत्रकारों से विनम्रता से कहा था कि वे आगे सवाल न पूछें क्योंकि उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी, लेकिन परिवार को लेकर लगातार सवाल पूछने पर वह अपना संयम खो बैठे। उन्होंने कहा कि मैं पत्रकारिता समुदाय से अपने शब्दों के लिए दिल से माफी मांगता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस घटना को लेकर किसी भी पुलिस जांच या पूछताछ के लिए पूरी तरह तैयार हैं।