शरद पवार और राहुल गांधी (सोर्स: IANS)
मुंबई

मजबूरी में कर रहे समर्थन... शरद पवार ने कांग्रेस को भेजा संदेश; सांसदों की बीजेपी से हो गई है बात!

Sharad Pawar Delimitation Bill: मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि शरद पवार ने कांग्रेस को संदेश भेजकर समर्थन की वजह बताई। NCP (SP) सांसदों की बीजेपी से बातचीत की भी चर्चा।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • परिसीमन बिल पर NCP (SP) के समर्थन को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल।

  • शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व को संदेश भेजकर समर्थन की वजह बताई।

  • पार्टी को एकजुट रखने के लिए समर्थन जरूरी होने का दावा रिपोर्ट्स में किया गया है।

  • NCP (SP) के सांसदों की बीजेपी नेताओं से बातचीत होने की भी खबर।

  • महाराष्ट्र कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को दिए गए समर्थन की याद दिलाकर सवाल उठाए।

Sharad Pawar Message To Congress On Delimitation Bill: महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता शरद पवार एक बार फिर अपने सियासी दांव को लेकर चर्चा में हैं। परिसीमन बिल पर उनकी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के समर्थन के ऐलान ने विपक्षी INDIA गठबंधन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की कहानी भी सामने आ रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस हाईकमान को संदेश भेजकर अपनी पार्टी के समर्थन की वजह बताई है। दावा है कि पार्टी को एकजुट रखने के लिए परिसीमन बिल का समर्थन करना जरूरी हो गया है। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि NCP (SP) के सांसदों की बीजेपी के साथ बातचीत हुई है और वे विधेयक के समर्थन में खड़े हो सकते हैं।

कांग्रेस को पवार का संदेश, बताई समर्थन की वजह

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शरद पवार ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को संदेश भेजा है कि उनकी पार्टी के सांसद परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की स्थिति में हैं। रिपोर्ट में विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि NCP (SP) के सांसदों की बीजेपी से बातचीत हुई है। पवार ने कांग्रेस को यह भी समझाया कि पार्टी को एकजुट रखने के लिए विधेयक का समर्थन करना जरूरी है।

यानी एक तरफ कांग्रेस इस विधेयक के विरोध में विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ पवार की पार्टी का रुख उसके लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। हालांकि, सांसदों और बीजेपी के बीच बातचीत तथा पवार के संदेश से जुड़ी ये जानकारियां मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से हैं। इन पर शरद पवार की ओर से सार्वजनिक पुष्टि नहीं हुई है।

क्या बीजेपी ने पहले ही बिछा दी थी बिसात?

परिसीमन बिल के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने शरद पवार और उनकी पार्टी के नेताओं से संपर्क किया था। बताया गया कि केंद्र सरकार को विधेयक के समर्थन में जरूरी संख्या जुटाने के लिए सहयोग की जरूरत है और इस सिलसिले में पवार गुट से बातचीत हुई।

इस बीच कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी संकेत दिया कि शरद पवार की NCP और DMK जैसे दलों के रुख में बदलाव से सरकार को जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने में मदद मिल सकती है। उनके बयान ने विपक्षी खेमे में चल रही राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दी है।

जितेंद्र आव्हाड का समर्थन का ऐलान

शरद पवार से मुलाकात के बाद NCP (SP) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने परिसीमन बिल को समर्थन देने की बात कही। उनका कहना है कि परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया है और इसे किसी न किसी समय होना ही है। पार्टी का समर्थन इस शर्त से जुड़ा है कि लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि की जाए।

हालांकि, पार्टी के भीतर अंतिम रुख को लेकर कुछ सवाल भी हैं। सुप्रिया सुले ने कहा है कि बिल का मसौदा देखने के बाद ही उस पर फैसला लिया जाएगा। वहीं सांसद अमोल कोल्हे ने भी विधेयक की प्रति मिलने के बाद निर्णय लेने की बात कही। ऐसे में आव्हाड के ऐलान और सांसदों के रुख के बीच कितना तालमेल है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

पवार पर कांग्रेस का पलटवार

महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शरद पवार पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि मार्च 2026 में राज्यसभा चुनाव के दौरान शरद पवार को दोबारा उच्च सदन में भेजने के लिए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने सकारात्मक रुख अपनाया था। पार्टी ने अपने 16 विधायकों के समर्थन के साथ अपनी सीट पर दावा छोड़कर पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था।

अब कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जिस पवार और सुप्रिया सुले के लिए कांग्रेस मजबूती से खड़ी रही, वही परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी सरकार का समर्थन कैसे कर सकते हैं? पार्टी ने इसे अपने पुराने राजनीतिक सहयोग के संदर्भ में उठाते हुए पवार के मौजूदा रुख पर सवाल खड़े किए हैं।

INDIA गठबंधन की बैठक से पहले पवार का दांव

28 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के घटक दलों की बैठक होनी है। इसमें परिसीमन बिल के खिलाफ साझा रणनीति पर चर्चा की जाएगी। लेकिन बैठक से ठीक पहले NCP (SP) का समर्थन विपक्षी एकजुटता के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कांग्रेस इस विधेयक का विरोध कर रही है, जबकि पवार गुट समान 50 प्रतिशत सीट वृद्धि की शर्त पर समर्थन देने की बात कह रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शरद पवार ने अपनी पार्टी को टूटने या अंदरूनी मतभेदों से बचाने के लिए यह रास्ता चुना है? क्या बीजेपी से हुई कथित बातचीत के बाद समर्थन का फैसला आसान हुआ? और क्या इस मुद्दे पर कांग्रेस तथा NCP (SP) के रिश्तों में दूरी बढ़ेगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं, लेकिन परिसीमन बिल ने विपक्षी राजनीति में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।

महिला आरक्षण से 50% सीटों तक, सरकार ने परिसीमन के नए बिल में 6 बड़े बदलाव, जानें क्यों खास है नया विधेयक

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

'वोट चोर, गद्दी छोड़' वाले वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, कांग्रेस के कार्यक्रम से जुड़ी याचिका खारिज

Delimitation Bill: UP में 120, महाराष्ट्र में 72 सीटें! किस राज्य में कितनी होंगी लोकसभा सीटें? देखें लिस्ट

वड़ा पाव, मिसल पाव के दीवाने हैं रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस की ड्रेसिंग रूम में भी पहुंचता है स्ट्रीट फूड