

परिसीमन के प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में 80 से 120 और महाराष्ट्र में 48 से 72 सीटें होने का अनुमान है।
महिला आरक्षण, दक्षिण भारतीय राज्यों की हिस्सेदारी और विपक्ष की रणनीति पर भी नजर रहेगी।
State Wise Lok Sabha Seats after Delimitation Bill: लोकसभा में महिला आरक्षण लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को मंजूरी दे दी गई। अब सरकार इसे संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी में है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी।
प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की योजना है। इससे सदन की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करने की कोशिश है। हालांकि, सीटों का अंतिम बंटवारा और विधेयक का भविष्य संसद में होने वाली चर्चा और मतदान पर निर्भर करेगा।
प्रस्तावित परिसीमन के तहत राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है। इस हिसाब से उत्तर प्रदेश में सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और बिहार में 40 से बढ़कर 60 सीटें होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत के राज्यों में तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59-60 और कर्नाटक की 28 से 42 हो सकती हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में 29 से बढ़कर 44-45 सीटें होने का अनुमान है। नीचे दी गई तालिका में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की मौजूदा तथा संभावित सीटों का विवरण दिया गया है। ये संभावित आंकड़े हैं, अंतिम आधिकारिक आवंटन नहीं।
परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव का एक प्रमुख उद्देश्य संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना है। सरकार इस प्रक्रिया को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। इसके लिए लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों के नए सिरे से निर्धारण का प्रस्ताव रखा गया है।
मोदी कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब विधेयक को संसद में पेश किया जाएगा। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। इसके लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन के साथ कुल सदस्य संख्या का बहुमत भी जरूरी है।
परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों ने भी अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को विपक्षी दलों के सदन के नेताओं की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक सुबह 11:30 बजे दिल्ली में उनके 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होगी।
इस बैठक में विपक्षी गठबंधन INDIA के घटक दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी (AAP), द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और बीजू जनता दल (BJD) जैसे उन दलों को भी बुलाया गया है, जो सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा नहीं हैं। बैठक में विधेयक को लेकर साझा रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
परिसीमन विधेयक को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों में प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी अहम हो गया है। द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को दोहराया कि किसी भी परिस्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी सीट हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए।
स्टालिन ने कहा कि राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय किया गया था। उन्होंने मांग की कि इस अनुपात को अगले 25 साल तक भी बरकरार रखा जाए। उनका कहना है कि लोकसभा की कुल सीटें बढ़ाई जाती हैं तो भी तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए।