Sanjay Raut Wrote A Letter To CM Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेजी पकड़ रही हैं। मुंबई महानगरपालिका के साथ ही जिला परिषदों, नगरपालिकाओं और अन्य महानगरपालिकाओं के आगामी चुनावों की तारीखों की घोषणा अब जल्द होने वाली है।
इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के साथ संजय राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मिलने का अनुरोध किया है। इससे राज्य के सियासत में भूचाल आ गया है। सियासी गलियारों में भाजपा शिवसेना एक होने समेत तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने इस पहल के पीछे किसी भी राजनीतिक मंशा को नकारते हुए कहा कि उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करना और चुनावों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। संजय राउत ने अपने पत्र और आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में बताया कि राज्य में होने वाले चुनावों को लेकर कुछ शंकाएं और सवाल उठाए गए हैं। इस बैठक का उद्देश्य संविधान के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों को सुनिश्चित करना है।
दरअसल चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर विपक्ष सहित राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी चिंताओं को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया है।
इस सिलसिले में 14 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) एस. चोकलिंगम से एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में महाराष्ट्र के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
इनमें शरद पवार, उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, हर्षवर्धन सपकाल और अन्य राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं। इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। इसी को लेकर संजय राउत ने पत्र लिखा है।
संजय राउत ने यह भी स्पष्ट किया कि यह बैठक राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता का विश्वास बनाए रखने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सभी बड़े राजनीतिक दलों को बैठक की जानकारी पहले ही दे दी गई है और सभी दलों ने इसमें भाग लेने के लिए सकारात्मक रुख अपनाया है।
यह भी पढ़ें:- ED की बड़ी कार्रवाई : ₹17,000 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अनिल अंबानी ग्रुप के CFO गिरफ्तार
बैठक के बाद यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में सभी नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठक में उठाए गए मुद्दों, चर्चा के बिंदुओं और आगे की रणनीति के बारे में मीडिया और जनता को जानकारी दी जाएगी। यह पहल महाराष्ट्र में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह बैठक राज्य में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और राजनीतिक दलों के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)