Sanjay Raut RSS Bengal School Statement: पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शैक्षणिक शाखा 'विद्या भारती' द्वारा आगामी एक वर्ष में 1,000 नए स्कूल खोले जाने की घोषणा के बाद देश की राजनीति गर्मा गई है। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस फैसले पर तीखा हमला बोलते हुए इसे केंद्र और राज्य दोनों सरकारों की विफलता करार दिया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य भर में संघ के इन स्कूलों को स्थापित करने में सहयोग देने का ऐलान किया था।
आरएसएस का काम स्कूल चलाना नहीं, सरकारें फेल हैं
मुंबई में पत्रकारों से चर्चा करते हुए संजय राउत ने सवाल उठाया कि जब देश में सरकारी शिक्षा तंत्र मौजूद है, तो संघ को अपना अलग सिलेबस और एजुकेशन सिस्टम शुरू करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अगर आरएसएस स्कूल खोलेगी तो इतने शिक्षक कहां से लाएगी? क्या सरसंघचालक मोहन भागवत इसलिए अमेरिका और इंग्लैंड के दौरे पर गए हैं? स्कूल चलाना सरकार का काम है, लेकिन मौजूदा राज्य और केंद्र सरकारें शिक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई हैं।"
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय राउत ने एक और सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने अपनी बीमारी का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में उनकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी। राउत के मुताबिक, "राहुल गांधी ने मुझसे कहा था कि मुझे अपना 'टॉक्सिक टेस्ट' (विषैले पदार्थों की जांच) कराना चाहिए।"
राउत ने आगे कहा कि जो लोग सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाते हैं, उन्हें जेल जाने पर गंभीर खतरा रहता है। उन्होंने आशंका जताई कि जेल में विपक्षी नेताओं के खाने या पानी में धीमी गति से असर करने वाली जहरीली चीजें मिलाई जा सकती हैं। राहुल गांधी की इस चेतावनी के बाद उनके मन में भी इस बात को लेकर गंभीर संदेह पैदा हुआ है।