Railway Crossing Free Maharashtra: राज्य सरकार ने महाराष्ट्र को रेलवे फाटक मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए अगले तीन वर्षों में 145 रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करने की योजना सरकार ने बनाई।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी घोषणा करते हुए रविवार को कहा कि इससे रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित, तेज तथा आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
नागपुर के वर्धमान नगर में चार लेन रेलवे ओवरब्रिज सहित राज्य की 484 करोड़ रुपए लागत वाली 9 महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राज्य में बड़े पैमाने पर रेलवे ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महारेल के माध्यम से 145 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है और इन्हें तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कम लागत में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर में तेजी से विकसित हो रही आधारभूत सुविधाओं से उद्योग, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने भगवान संभवनाथ चौक से डिप्टी सिग्नल मार्ग तक बने रेलवे ओवरब्रिज का नाम पूर्व उपमहापौर बहरीनबाई सोनबोईर के नाम पर रखने की घोषणा भी की।
यह भी पढ़ेः- ठाणे: MBMC में 12 करोड़ के ठेके पर बवाल, बिना ई-टेंडर बीजेपी से जुड़ी कंपनी को मंजूरी का आरोप
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पारडी क्षेत्र में नए फ्लाईओवर के साथ आधुनिक सब्जी बाजार और स्पोर्ट्स क्लब बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 150 करोड़ रुपए की इस परियोजना में 40 करोड़ रुपए का योगदान एनएचएआई देगा। साथ ही उन्होंने नागपुर में आधारभूत विकास और महारेल की परियोजनाओं की प्रगति की सराहना की।