विरोध प्रदर्शन: जंतर-मंतर के प्रदर्शन की गूंज मुंबई तक पहुंची।
छावनी में तब्दील: दादर के शिवाजी पार्क में भारी पुलिस बल तैनात।
धरपकड़: पुलिस ने CJP कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
Mumbai Shivaji Park Heavy Police Security: जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शनों की गूंज अब मुंबई तक जा पहुंची है। कॉक्रोच जनता पार्टी के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी प्रदर्शन के चलते अब दादर स्थित छत्रपति शिवाजी पार्क में भी विरोध जारी है। छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क और आस पास के अलाके को छावनी का रूप दे दिया गया है। पुलिस ने CJP कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है।
प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। दादर के शिवाजी पार्क क्षेत्र को पुलिस ने कड़े पहरे में लेकर छावनी का रूप दे दिया है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने सीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
तनाव के इस माहौल के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता संदीप देशपांडे ने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। संदीप देशपांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दोपहर 12:55 बजे चैत्यभूमि पुलिस चौकी पर शिवाजी पार्क के स्थानीय निवासियों और नवरात्रि उत्सव मंडलों की एक बैठक बुलाई थी।
उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने इस बैठक में नागरिकों से सीजेपी सदस्यों का विरोध करने और उनसे भिड़ने के लिए कहा तथा उन्हें पुलिस सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। देशपांडे ने सवाल खड़ा करते हुए पूछा, क्या पुलिस की जिम्मेदारी नागरिकों के बीच शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है या फिर उन्हें आपस में ही लड़ाना और भड़काना है?
मुंबई में यह राजनीतिक गर्माहट पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रही है। कल 10 अक्टूबर को भी मुंबई पुलिस ने मुंबई शहर के विभिन्न हिस्सों से व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए लगभग 400 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।
इस कार्रवाई के दौरान जिन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया, उनमें मशहूर बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान भी शामिल थे। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों और पुलिस की सख्त नाकेबंदी से मुंबई का माहौल पूरी तरह से गर्मा गया है।
फिलहाल छत्रपति शिवाजी पार्क और आसपास का पूरा क्षेत्र भारी पुलिस बंदोबस्त के तहत सुरक्षा घेरे में है। एक तरफ जहां सीजेपी कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पर अड़े हुए हैं, वहीं पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गिरफ्तारियां कर रहा है।