Highlights:
पवई झील के गणेश घाट पर 180 मीटर लंबे अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन।
कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने किया परियोजना का शुभारंभ।
लाइट, साउंड, संगीत और जलधाराओं के जरिए महाराष्ट्र के इतिहास और संस्कृति का होगा प्रदर्शन।
तीन अलग-अलग फिल्मों में छत्रपति शिवाजी महाराज, मराठा गौरव और संत परंपरा की झलक दिखाई जाएगी।
Mumbai Tourism Attraction: पवई झील की खूबसूरती में अब आधुनिक तकनीक और महाराष्ट्र की गौरवशाली संस्कृति का नया अध्याय जुड़ गया है। पवई झील के गणेश घाट पर निर्मित 180 मीटर लंबे अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों किया गया। इस परियोजना को मुंबई के पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है, जहां लाइट, साउंड, संगीत और जलधाराओं के माध्यम से महाराष्ट्र के इतिहास, संस्कृति और विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार, म्हाडा स्लम बोर्ड के मुख्य अधिकारी सतीश भारतीय सहित म्हाडा और महानगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद म्यूजिकल फाउंटेन शो देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ उमड़ी है।
म्यूजिकल फाउंटेन परियोजना के साथ पवई झील की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है। फाउंटेन में परेशन यानी पानी में हवा मिलाने की प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिदिन करीब 30 लाख लीटर पानी में ऑक्सीजन मिश्रण बढ़ाने में मदद मिलने की संभावना है। इससे पानी में घुलित ऑक्सीजन के स्तर में सुधार हो सकता है। साथ ही पानी के वाष्पीकरण से आसपास के वातावरण में ठंडक पैदा होने और स्थानीय तापमान कम करने जैसे पर्यावरणीय लाभ भी अपेक्षित है।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि यह म्यूजिकल फाउंटेन मुंबईकरों के लिए गर्व का क्षण है, इसके माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम, मराठों के गौरवशाली इतिहास, महाराष्ट्र की संत परंपरा, संस्कृति और मुंबई की ऐतिहासिक गाथा को आधुनिक तकनीक के जरिए भव्य स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंबईकरों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह नया आकर्षण बनेगा।
इस परियोजना में विश्वस्तरीय मल्टीमीडिया लाइट एंड साउंड शो तैयार किया गया है। संगीतमय फव्वारे, वॉटर स्क्रीन और फायर जेट्स के माध्यम से दर्शकों को आकर्षक दृश्य अनुभव मिलेगा। शो में तीन अलग-अलग फिल्मों के जरिए महाराष्ट्र के इतिहास, संस्कृति और विरासत को दर्शाया जाएगा, रोशनी, संगीत और पानी की लहरों के तालमेल से यह आयोजन पवई झील परिसर को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।