Omraje Nimbalkar Shinde Group News: महाराष्ट्र की सियासत का मौसम इन दिनों लगातार बदल रहा है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद ओमराजे निंबालकर के शविसेना के एकनाथ शिंदे गुट के साथ जाने का ऐलान करने के साथ ही उद्धव ठाकरे के खिलाफ मानो ऑपरेशन टाइगर फिर से ऑन हो गया है।
इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की भी प्रतिक्रिया आई है। शिंदे बोले कि हम कोई ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते जबकि फडणवीस ने कहा कि ऑपरेशन सफल रहा है। पेशेंट की रिपोर्ट आ जाएगी।
ओमराजे निंबालकर ने कार्यकर्ताओं से बातचीत में कहा कि हमने स्थानीय निकाय चुनाव लड़े लेकिन सफलता नहीं मिली। सामने वालों के पास सत्ता और आर्थिक ताकत है। जिनका विरोध करने के लिए हम राजनीति में आए, वे कांग्रेस सरकार के समय भी मजे में थे और अब बीजेपी सरकार में भी वहीं हैं। हम सीमित संसाधनों के साथ कब तक लड़ते रहेंगे? मुझे ईमानदारी से लगता है कि हमें भी अब सत्ता का मार्ग अपनाना चाहिए, निंबालकर का शिंदे गुट में जाना लगभग तय है।
ये भी पढ़ें :- महाराष्ट्र मानसून सत्र आज से, कर्जमाफी और सूखे के मुद्दे पर सरकार की घेराबंदी को तैयार विपक्ष
उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसदों ने अपना अलग गुट बना लिया है। इनमें हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टिकर भी शामिल हैं। आष्टिकर ने ठाकरे का साथ छोड़कर शिंदे गुट का दामन थाम लिया है। आष्टिकर ने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वह कहीं बाहर नहीं गए है, बल्कि शिवसेना से शिवसेना में ही आए हैं।
आष्टिकर ने कहा कि 18 जून तक वे कहीं नहीं गए थे, लेकिन शिवसेना के स्थापना दिवस पर हुई तीखी आलोचना से उन्हें गहरी ठेस पहुंची। उन्होंने कहा कि सत्ता के बिना जनता के काम नहीं हो रहे थे, जिसके कारण उन्हें यह अहम निर्णय लेना पड़ा। जनता ने उन्हें जिस उम्मीद से सांसद चुना है, उन कामों को सत्ता में रहे बिना पूरे नहीं किया जा सकता है।