

Shiv Sena UBT MLAs May Join Shinde Group News: उद्धव गुट के 6 सांसदों के अलग होने की चर्चाओं के बीच अब ठाकरे गुट के विधायकों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। शिंदे गुट के विधायक संतोष बांगर ने दावा किया है कि ठाकरे गुट के 14 विधायक जल्द ही शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं।
उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हिंगोली में संतोष बांगर ने कहा कि उन्होंने 6 महीने पहले ही संकेत दिया था कि कुछ सांसद शिंदे गुट के साथ आएंगे और अब वहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि सांसदों के बाद अब ठाकरे गुट के कई विधायक भी शिंदे के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उनके साथ आ सकते हैं।
उधर, राज्य के मंत्री शंभूराज देसाई ने भी दावा किया कि ठाकरे गुट के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। वे सभी हमारे मित्र है। वे अपनी नाराजगी और मन की बात हमसे साझा करते हैं। उचित समय आने पर वे भी हमारे साथ आएंगे।
शिंदे गुट के नेता बच्चू कडू ने भी इसी तरह का दावा करते हुए कहा कि सासदों के बाद विधायकों का आना भी तय माना जाना चाहिए। डीसीएम एकनाथ शिंदे की राजनीतिक रणनीति मजबूत है और कई नेता उनकी कार्यशैली से प्रभावित है।
उद्धव गुट के 6 सांसदों के शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की चर्चाओं के बीच राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सौलापुर में ठाकरे गुट के शिवसैनिकों ने इन सांसदों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका प्रतीकात्मक श्राद्ध कर आक्रोश जताया। शहर के गणपति घाट पर बड़ी संख्या में शिवसैनिक एकत्र हुए और सांसदों के खिलाफ नारेबाजी की।