Nitesh Rane Attacks Uddhav Raj Thackeray Kankavli: केंद्रीय चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में हुए आंदोलन को लेकर मंत्री नितेश राणे ने उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में देशविरोधी ताकतों का समर्थन किया गया और उमर खालिद की रिहाई की मांग वाले पोस्टर लहराए गए।
राणे ने सवाल किया कि क्या दोनों ठाकरे भाई अब ऐसी ताकतों के साथ खड़े हो गए हैं? कणकवली में पत्रकारों से बातचीत में राणे ने आदित्य ठाकरे पर भी गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने दिशा सालियान मामले और मिठी नदी कथित घोटाले की जांच का हवाला देते हुए कहा कि गिरफ्तारी के डर से आदित्य ठाकरे विदेश भाग सकते हैं। राणे ने सरकार से उनका पासपोर्ट तत्काल जब्त करने और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की मांग की।
राणे ने शिवाजी पार्क में हुए आंदोलन को लेकर कहा कि चुनाव आयोग के विरोध के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में उमर खालिद के समर्थन वाले पोस्टर दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि ऐसे पोस्टरों के जरिए देश के टुकड़े करने की कथित सोच का समर्थन किया गया।
राणे ने ठाकरे बंधुओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस शिवाजी पार्क से बालासाहेब ठाकरे ने हिंदुत्व की राजनीति को मुखरता दी थी, वहीं अब अलग तरह की विचारधारा के लोगों के साथ खड़े होने का काम किया जा रहा है।
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और ईवीएम को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी राणे ने विपक्ष से सवाल किया। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी है और चुनाव आयोग की प्रक्रिया गलत है, तो दादर में मनसे उम्मीदवार अमित ठाकरे को हराकर निर्वाचित हुए उद्धव ठाकरे गुट के विधायक महेश सावंत के चुनाव पर सवाल क्यों नहीं उठाया गया?
उन्होंने पूछा कि वरली से आदित्य ठाकरे और बारामती से सुप्रिया सुले कैसे निर्वाचित हुए? राणे ने एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन करते हुए दावा किया कि इसके माध्यम से कथित फर्जी मतदाताओं और घुसपैठियों के नाम हटाए जा रहे है। उन्होंने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
मिठी नदी मामले का उल्लेख करते हुए राणे ने कहा कि अभिनेता डिनो मोरिया से आर्थिक अपराध शाखा पूछताछ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिनो मोरिया के आदित्य ठाकरे से संबंध हैं और ठाकरे सरकार के कार्यकाल में उन्हें कई ठेके दिए गए। दिशा सालियान मामले का जिक्र करते हुए राणे ने दावा किया कि संबंधित एफआईआर में आदित्य ठाकरे और डिनो मोरिया का नाम है।
उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आदित्य ठाकरे पर गिरफ्तारी का खतरा बढ़ रहा है। राणे ने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि आदित्य के विमान के टिकट बुक हैं और वे कभी भी देश छोड़ सकते हैं। हालांकि, ये राणे द्वारा लगाए गए आरोप हैं।