Mahayuti MLC Seat Sharing: विधान परिषद चुनाव में महायुति का सीट फॉर्मूला तय, बीजेपी 12 सीटों पर लड़ेगी

Mahayuti MLC Seat Sharing News: महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के चुनाव के लिए महायुति में सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। बीजेपी 12, शिंदे सेना 4 और राकांपा (एपी) एक सीट पर चुनाव लड़ सकती है।
Mahayuti MLC Seat Sharing BJP Shinde Sena
Mahayuti seat sharing (सोर्सः फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Mahayuti MLC Seat Sharing BJP Shinde Sena: विधान परिषद की निकाय संस्थाओं की 17 सीटों के चुनाव के लिए सत्तारूढ़ महायुति में सीट बंटवारे का फॉर्मूला आखिरकार तय हो गया है।

बीजेपी को 12, शिंदे सेना को सिर्फ 4 और राकांपा (एपी) को केवल एक सीट देने पर सहमति बनी है। हालांकि इस पर अंतिम मुहर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा (सुनेत्रा पवार के साथ होने वाली बैठक में लगनी है।

विधान परिषद की 16 सीटों के चुनाव और नागपुर की एक सीट के उपचुनाव के लिए तीनों दलों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही थी। शुरूआत में बीजेपी-12, शिंदे सेना-3 और राकांपा को 2 सीट देने की चर्चा हुई थी। लेकिन शिंदे सेना ने 7 सीटों पर दावा ठोंका था। सूत्रों के अनुसार अब नए फॉर्मूले के तहत बीजेपी-12, शिंदे सेना 4 और राकांपा 1 सीट पर चुनाव लड़ सकती है।

पहले चर्चा थी कि शिंदे सेना के ज्यादा सीटों के लिए आक्रामक रुख अपनाने से स्थितियां बदल सकती हैं। लोकसभा, विधानसभा और मनपा चुनाव में कम सीटों पर समझौता हुआ था, इसलिए शिंदे सेना ने विधान परिषद में 7 सीटों की मांग की थी। अब समझा जाता है कि शिंदे सेना ने नरम रूख अपनाया है।

परभणी-हिंगोली के लिए मजबूत दावा

सूत्रों के अनुसार ठाणे, नाशिक, यवतमाल और परभणी-हिंगोली सीटें शिंदे सेना को मिल सकती हैं। शिंदे सेना ने खास तौर पर परभणी-हिगोली सीट के लिए मजबूत दावा किया था। संभावना है कि रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग की एकमात्र सीट राकांपा (एपी) को मिल सकती है।

राकांपा पुणे सीट भी चाहती है। बीजेपी ने पुणे सीट पर अपना दावा बरकरार रखा है। नागपुर सीट का उपचुनाव बीजेपी लड़ेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ जल्द ही एक अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

चुनावी कार्यक्रम

विधान परिषद की 16 सीटों और एक सीट के उपचुनाव के लिए 18 जून को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 22 जून को होगी। नामांकन पत्र भरने की आखिरी तारीख 1 जून है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com