Mumbai Fortune India MPW Most Powerful Women Nita Ambani: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को इस वर्ष की मोस्ट पावरफुल वुमन सूची में प्रथम स्थान प्राप्त का सम्मान प्राप्त हुआ है। फॉर्च्यून इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई के फोर सीजन्स होटल में अपने प्रतिष्ठित मोस्ट पावरफुल वुमन (MPW) 2026 समारोह का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में भारत की अग्रणी महिला नेताओं ने हिस्सा लिया, जो व्यवसाय, वित्त, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, सार्वजनिक नीति और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
इस अवसर पर फॉर्च्यून इंडिया मोस्ट पावरफुल वुमन 2026 सूची का अनावरण किया गया, जिसमें उन 100 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनके नेतृत्व ने देश के आर्थिक और कारोबारी परिदृश्य को नई दिशा दी है। कार्यक्रम के दौरान नेतृत्व के भविष्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), वित्तीय सशक्तिकरण, उद्यमिता, समावेशिता और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कई प्रभावशाली चर्चाएं आयोजित की गई।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में से एक, रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन और इस वर्ष मोस्ट पावरफुल वुमन सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली नीता अंबानी ने नेतृत्व की व्यापक परिभाषा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व करुणा, समावेशिता और अवसरों के सृजन पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए बेटियों में निवेश करना सबसे आवश्यक है।
विभिन्न सत्रों में उद्योग जगत के नेताओं ने कहा कि भले ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), भू-राजनीतिक बदलाव और तेजी से विकसित होती तकनीक उद्योगों को बदल रही हो, लेकिन प्रभावी नेतृत्व की असली पहचान जिज्ञासा, दृढ़ता, ग्राहक-केंद्रित सोच और मानवीय निर्णय क्षमता ही बनी रहेगी।
यह भी पढ़ेः- भारी बारिश के बीच मावल में तबाही: नालों पर अतिक्रमण और अवैध विकास कार्यों से बढ़ा बाढ़ का संकट
वित्तीय समावेशन पर हुई चर्चाओं में इस बात पर बल दिया गया कि महिलाओं के सशक्तिकरण का अगला चरण केवल वित्तीय सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें संपत्ति निर्माण और वित्तीय निर्णय लेने में सक्रिय भागीदारी के लिए सक्षम बनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में समावेशी कार्यस्थलों के निर्माण, लंबे समय तक टिकाऊ उपभोक्ता ब्रांड विकसित करने तथा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका पर भी सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
मोस्ट पावरफुल वुमन मंच आज भारत के सबसे प्रभावशाली नेतृत्व मंचों में से एक के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। वर्ष 2026 का यह संस्करण इस बात की पुनः पुष्टि करता है कि फॉर्च्यून इंडिया उन महिलाओं को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो व्यवसाय और समाज दोनों में सार्थक एवं सकारात्मक परिवर्तन की अगुवाई कर रही हैं।