Mumbai News: ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात प्रकरण में रूपाली चाकणकर के राकां (अजीत पवार) के महिला प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद पार्टी में नए महिला प्रदेशाध्यक्ष को लेकर जबरदस्त होड़ शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी में सना मलिक, सरोज अहिरे, वैशाली नागवडे, राजलक्ष्मी भोसले और प्रतिभा शिंदे का नाम महिला प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में चल रहा है। इनमें से किसी एक को प्रदेशाध्यक्ष बनाने की कड़ी चुनौती उप मुख्यमंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के समक्ष खड़ी है।
अशोक खरात विवाद के बाद बढ़े दबाव के कारण रुपाली चाकणकर ने पहले राज्य महिला आयोग और फिर पार्टी के महिला प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद से ही इस अहम पद के लिए नए नेतृत्व की तलाश तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और विपक्ष के तीखे हमलों के बाद चाकणकर पर नैतिक दबाव बढ़ा। लेकिन उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस पूरे मामले की जांच एसआईटी के माध्यम से जारी है।
ये भी पढ़े: शादी का झांसा देकर सालों तक किया दुष्कर्म, मुंबई पुलिस ने धोखेबाज प्रेमी को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला
आगामी चुनावों को देखते हुए महिला प्रदेशाध्यक्ष का चयन पार्टी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। यह केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि भविष्य की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा भी है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि सुनेत्रा पवार इन पांच नामों में से किसे चुनकर पार्टी की कमान सौंपती हैं।