Maharashtra Politics Defamation Case: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आया है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं राकांपा की पूर्व महिला प्रदेशाध्यक्ष रुपाली चाकणकर की शिकायत पर पुणे साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक, अपमानजनक और मानहानिकारक पोस्ट एवं टिप्पणियां करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में राकांपा की पुणे सोशल मीडिया कार्याध्यक्ष सपना राऊत को मुख्य आरोपी बनाया गया है।
राऊत को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और सांसद पार्थ पवार का करीबी माना जाता है। नासिक के कथित ढोंगीबाबा अशोक खरात प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर चाकणकर के खिलाफ लगातार आलोचनात्मक पोस्ट की जा रही थीं। अशोक खरात से चाकणकर की कथित निकटता को लेकर भी राजनीतिक हलकों में सवाल उठाए गए थे। इसी पृष्ठभूमि में चाकणकर ने पुणे साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रुपाली चाकणकर की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर में सपना राऊत के अलावा शिवसेना (उद्धव गुट) की उपनेता सुषमा अंधारे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की रुपाली पाटिल-ठोंबरे, पूर्व सदस्य डॉ. आशा मिरगे, अभिनेत्री दिपाली सय्यद और संगीता तिवारी समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
चाकणकर का आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की। साथ ही सपना राऊत और अन्य लोगों द्वारा की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
अपने ही दल की वरिष्ठ नेता द्वारा पार्टी की महिला पदाधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजीत गुट में अंदरूनी खींचतान की चर्चा तेज हो गई है। सपना राऊत को सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार का करीबी माना जाता है।
ऐसे में इस मामले ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है। पुणे साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर सोशल मीडिया पोस्ट, टिप्पणियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले में आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।