शरद पवार, सुनेत्रा पवार सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

NCP विलय पर सुनेत्रा पवार का पहला बयान: बोलीं- वक्त आने पर सबको पता चल जाएगा, मर्जर की अटकलें तेज

Sunetra Pawar Statement: महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुटों के मर्जर की सुगबुगाहट के बीच सुनेत्रा ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने विलय की बात से इनकार न करते हुए कहा कि सही वक्त आने पर सबको पता चल जाएगा।

रूपम सिंह

Highlights

  • सुनेत्रा पवार ने NCP के दोनों गुटों के मर्जर पर कहा, वक्त आने पर सबको पता चल जाएगा।

  • पार्थ पवार और सुनील तटकरे समेत कई नेताओं की मुलाकातों से चर्चाएं तेज।

  • नेतृत्व और संगठन पर नियंत्रण को लेकर मर्जर की राह में चुनौतियां बरकरार।

NCP Merger Latest Update: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के मर्जर को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दोनों गुटों के एक साथ आने की अटकलों पर सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि वक्त आने पर सबको चीजें पता चल जाएंगी। उन्होंने मर्जर की संभावना से इनकार भी नहीं किया।

सुनेत्रा पवार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों गुटों के बीच बातचीत की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। सुनील तटकरे की सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद मर्जर को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। वहीं, अजित पवार गुट के विधायकों ने आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए शरद पवार से मिलने का समय मांगा है।

सुनेत्रा पवार ने न स्वीकार किया, न इनकार

बारामती में बुधवार को सुनेत्रा पवार ने बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस के बारे में जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसी दौरान उनसे दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के गुटों के मर्जर को लेकर सवाल पूछा गया।

इस पर उन्होंने कहा, "आज की हमारी पत्रकार परिषद का विषय अलग है। आप सब दूसरे विषय के बारे में उत्सुक हैं, ये मुझे पता है। फिर भी मैं आप सबको बताना चाहती हूं कि जैसे वक्त आएगा, वैसे आपको पता चल जाएगा।" उन्होंने न तो दोनों गुटों के साथ आने का समर्थन किया और न ही इससे इनकार किया। ऐसे में मर्जर को लेकर अभी कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।

दोनों गुटों को साथ लाने की कोशिशें तेज

दोनों गुटों के मर्जर की अटकलों के बीच शरद पवार के मुंबई स्थित आवास सिल्वर ओक पर पिछले कुछ दिनों में कई अहम मुलाकातें हुई हैं। अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने लगातार दो दिनों तक शरद पवार से मुलाकात की।

दोनों बैठकें करीब दो घंटे चलीं। NCP (SP) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने भी शरद पवार से दो बार मुलाकात की, जबकि रोहित पवार ने उनसे अलग से बातचीत की। शरद पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं जयंत पाटिल, अमोल कोल्हे, अनिल देशमुख और जितेंद्र आव्हाड ने भी उनके साथ बैठक की।

NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भी ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की थी। इस दौरान शरद पवार ने 10 नवंबर के बाद साथ बैठकर बात करने का संकेत दिया था। पटेल ने कहा था कि वह शरद पवार की सेहत जानने पहुंचे थे और राजनीतिक चर्चा अलग से हो सकती है। वहीं, सुनील तटकरे ने पहले कहा था कि अजित पवार ने उनके साथ मर्जर का फॉर्मूला तय किया था और 12 फरवरी 2026 को दोनों गुटों का विलय होना था। बाद में उन्होंने कहा कि इस पर फैसला सुनेत्रा पवार और शरद पवार को लेना है।

हालांकि, दोनों गुटों के एक होने की राह में नेतृत्व और संगठन पर नियंत्रण जैसे सवाल बड़ी चुनौती बने हुए हैं। सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की ओर से तत्काल मर्जर को लेकर सहमति के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। अजित पवार गुट में पार्थ की बढ़ती भूमिका को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं में नाराजगी की खबरें हैं।

फडणवीस ने भी दोनों नेताओं पर छोड़ा फैसला

दूसरी ओर, NCP (SP) के नेता रोहित पवार ने कहा है कि उनकी पार्टी में मर्जर को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है और यह बातचीत अजित पवार गुट और मीडिया में चल रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कह चुके हैं कि दोनों गुटों के साथ आने का फैसला शरद पवार और सुनेत्रा पवार को ही करना है।

इस बीच बीजेपी के साथ दोनों गुटों के भविष्य के राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं हैं। ऐसे में मर्जर का फैसला सिर्फ दोनों पार्टियों के एक होने तक सीमित नहीं है, बल्कि नेतृत्व, संगठन और आगे किस राजनीतिक गठबंधन के साथ जाना है, इन सवालों पर सहमति बनना भी जरूरी होगा।

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल

भारतीय सेना में डॉक्टर बनने का मौका, आवेदन शुरू; जानें कौन और कैसे करें अप्लाई

प्लेन हाईजैक होने के बाद यात्रियों को सबसे पहले क्या करना चाहिए, ये ऑपशन्स हैं बेस्ट