मुंबई में न्यूनतम तापमान गिरकर 16.2 डिग्री पर पहुंचा।
कल्याण में 14.6 और डोंबिवली में 15 डिग्री तापमान दर्ज।
उत्तरी ठंडी हवाओं से महाराष्ट्र में बढ़ी ठिठुरन।
मुंबई में दिन की गर्मी और उमस से लोगों को मिली राहत।
Maharashtra Winter Temperature Forecast Today: उत्तरी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के तेज प्रभाव के कारण महाराष्ट्र समेत पूरी मुंबई में अचानक ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के सांताक्रूज केंद्र में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो सामान्य औसत से 5 डिग्री कम है।
रात और सुबह के समय बढ़ी इस कड़ाके की ठंड के साथ-साथ दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने से मुंबईकरों को पिछले कई दिनों से सता रही गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा रही है। मुंबई में भी बीते एक सप्ताह से भोर के समय गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है।
नवंबर की शुरुआत तक शहर के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही थी, लेकिन उत्तरी ठंडी हवाओं के सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज बदल गया और पूरे राज्य में ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को कोलाबा केंद्र में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो कोलाबा में 32.1 डिग्री और सांताक्रूज में 32.4 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड हुआ, जो औसत से 1.7 डिग्री कम रहा। इस वजह से पिछले कुछ दिनों के मुकाबले लोगों को दिन की चुभती गर्मी से काफी सुकून मिला है।
ठाणे जिले के आदिवासी बाहुल्य शहापुर, मुरबाड के साथ ही बदलापुर, कल्याण शहर और उसके आसपास के इलाकों डोंबिवली, टिटवाला और आंबिवली में ठंडी का असर देखने को मिल रहा है।
न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट से शहरवासियों को अब ठिठुरन का एहसास होने लगा है। शनिवार को कल्याण में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डोंबिवली में पारा 15 डिग्री तक लुढ़क गया।
वहीं बदलापुर, टिटवाला, शाहपुर और कर्जत सहित आसपास के इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ गया है। सुबह और देर रात चलने वाली ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग के अनुसार कल्याण और डोंबिवली क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 से 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। देर रात और तड़के सुबह ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई। वहीं टिटवाला और आंबिवली के खुले इलाकों में ठंड का असर अपेक्षाकृत अधिक देखा गया।