आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे सोर्स: सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई के शिवाजी पार्क में बवाल, पुलिस-शिवसैनिकों में झड़प; आदित्य ठाकरे पुलिस वाहन पर चढ़े

Mumbai Shivaji Park Protest: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर मुंबई के शिवाजी पार्क में तनाव। आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे पहुंचे, UBT-मनसे कार्यकर्ता हिरासत में; सोमवार को फिर आंदोलन का ऐलान।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद जुटे प्रदर्शनकारी।

  • पुलिस और शिवसेना (UBT) कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प।

  • आदित्य ठाकरे पुलिस वाहन पर चढ़े, तेजस ठाकरे भी पहुंचे।

  • मनसे नेता अमित ठाकरे को प्रदर्शन स्थल की ओर जाने से रोका गया।

  • पुणे के गुडलक चौक पर भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

Mumbai Protest Aditya Thackeray Raj Thackeray Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में रविवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान तनाव पैदा हो गया। पुलिस और शिवसेना (UBT) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे भी मौके पर पहुंचे। कई UBT और मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जिन्हें देर रात रिहा किए जाने की जानकारी है। ठाकरे सेना और मनसे ने सोमवार को फिर आंदोलन करने का ऐलान किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रविवार को मुंबई तक पहुंच गया। दिल्ली में प्रदर्शन के बाद मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क इलाके में भी विरोध का आह्वान किया गया था। हालांकि, पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इलाके में जुटने लगे, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

शिवाजी पार्क में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त

प्रदर्शन रविवार शाम 4 बजे प्रस्तावित था। पुलिस ने शिवाजी पार्क क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों पर बंदोबस्त बढ़ा दिया और वाहनों की जांच शुरू कर दी। प्रदर्शन से पहले ही कुछ कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई।

हिरासत में लिए गए लोगों को पुलिस वैन में बैठाकर थाने ले जाया गया। इसके बाद शिवसेना (UBT) और मनसे के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जमा हो गए। कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस और शिवसैनिकों के बीच झड़प हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खबर के अनुसार, हिरासत में लिए गए कई कार्यकर्ताओं को देर रात रिहा कर दिया गया।

आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे पहुंचे

घटनाक्रम के दौरान युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे भी मौके पर पहुंचे। हिरासत में लिए गए शिवसैनिकों को रिहा करने की मांग को लेकर आदित्य ठाकरे ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। वे पुलिस वाहन पर चढ़ गए और उसे रोकने के लिए सड़क पर बैठ गए। इसके बाद दोनों नेता शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हो गए।

आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन को जानबूझकर बिगाड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वालों की आवाज दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अमित ठाकरे को रोके जाने पर नाराजगी

मनसे नेता अमित ठाकरे भी प्रदर्शन को समर्थन देने शिवाजी पार्क पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धरना स्थल की ओर जाने से रोक दिया। इससे मनसे कार्यकर्ता नाराज हो गए। अमित ठाकरे ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को दबाव में काम नहीं करना चाहिए।

शिवसेना (UBT) विधायक महेश सावंत ने भी पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई और शिवसेना भवन में पुलिस के प्रवेश के प्रयास को लेकर सवाल उठाए।

भाजपा ने की अनुमति लेकर प्रदर्शन की अपील

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि बिना अनुमति आंदोलन करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से संवैधानिक दायरे में रहकर आंदोलन करने और आम नागरिकों को परेशानी नहीं पहुंचाने की अपील की। उन्होंने तुषार गांधी के मामले में कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

पुणे में भी प्रदर्शनकारियों की धरपकड़

मुंबई के अलावा पुणे में भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की। सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने गुडलक चौक पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसके मद्देनजर पुलिस ने इलाके में बंदोबस्त बढ़ा दिया और कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

इस बीच शिवसेना (UBT) और मनसे ने सोमवार को भी आंदोलन जारी रखने की घोषणा की। इससे मुंबई में विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।

Bangla Sahib Gurudwara: बंगला साहिब में हंगामे को लेकर FIR, शिकायत में केजरीवाल और AAP नेताओं का नाम

राम मनोहर लोहिया पुण्यतिथि: आजादी की लड़ाई से सामाजिक न्याय तक, ऐसा रहा उनका राजनीतिक सफर

Weather Update: दिल्ली-NCR में भारी बारिश की चेतावनी, हरियाणा-UP के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

होर्मुज में भारतीय नाविकों पर अटैक से भड़का भारत, MEA ने जारी किया बयान, बोले- तुरंत बंद हो जहाजों पर हमले

दिल्ली में आर-पार की लड़ाई! कांग्रेस का दिल्ली चलो कॉल, SC मार्च की तैयारी में नेता विपक्ष राहुल गांधी