मुंबई में भारी बारिश, फोटो- नवभारत  
मुंबई

भारी बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार! रेड अलर्ट के बीच लोकल ट्रेन सेवा पर असर, दादर से अंधेरी तक ट्रैफिक जाम

Mumbai Rain Red Alert: मुंबई में 13 दिन की देरी से पहुंचे मॉनसून ने भारी तबाही मचाई है। 24 घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोकल ट्रेन और यातायात बुरी तरह असर पड़ा है।

अमन उपाध्याय

IMD Weather Mumbai Rain Red Alert: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मॉनसून ने 13 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दस्तक दे दी है, लेकिन यह आगमन अपने साथ भारी आफत लेकर आया है। पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी के जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के निचले इलाकों में जलजमाव होने से सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आ रही हैं, वहीं मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की रफ्तार पर भी बुरा असर पड़ा है।

मुंबई और आसपास के जिलों में 'रेड अलर्ट'

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जैसे जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। रत्नागिरी और अन्य तटीय इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब अरब सागर के बाकी हिस्सों और महाराष्ट्र के अन्य इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

लोकल ट्रेन सेवा और यातायात पर असर

बारिश का सबसे ज्यादा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है। भारी जलजमाव के कारण ट्रांस हार्बर रेल लाइन पर ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा, जिससे ऑफिस जाने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के महत्वपूर्ण इलाकों जैसे दादर, बांद्रा, अंधेरी और गिरगांव में सड़कों पर पानी भर जाने से ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है। अंधेरी सबवे और मलाड जैसे निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने के कारण अंडरपास को यातायात के लिए बंद करना पड़ा है, जहां BMC ने सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है।

बारिश के चौंकाने वाले आंकड़े

बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में कल सुबह 8.00 बजे से आज सुबह 7.00 बजे के बीच पिछले 24 घंटों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कल्याण, डोंबिवली और करजत जैसे इलाकों में भी पिछले 20 घंटों से लगातार बरसात हो रही है, जिससे वहां की नदियां और नाले उफान पर हैं। सायन हाईवे के पास एवरार्ड नगर सबवे में भारी जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

क्या है प्रशासन की तैयारी?

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, जलजमाव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए भारी क्षमता वाले पंपों का उपयोग किया जा रहा है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में बाधा आ रही है। सायन और गांधी मार्केट जैसे इलाकों में पानी निकालने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने नागरिकों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।

बॉम्बे हाई कोर्ट की विजय माल्या को सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया पर कोर्ट के दस्तावेज न करें पोस्ट

PM मोदी की मिमिक्री पड़ी भारी! विवाद के बाद कॉमेडियन पुलकित मणि के शो रद्द, मिलीं धमकियां

यूपी में BJP को हराना नामुमकिन, इकरा हसन के बयान पर इमरान मसूद का पलटवार; विपक्ष को दिए ये खास सलाह

अब पूर्व एयर मार्शल के हाथ राम मंदिर की कमान, जानिए अयोध्या में आवास से लेकर कार्यप्रणाली तक सब कुछ

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, ट्रायल जज के कामकाज पर इलाहाबाद HC से मांगी रिपोर्ट