Mumbai Noor Hospital Elderly Patient Suicide: मुंबई से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां सोमवार को नूर अस्पताल की पांचवीं मंजिल से कूदकर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग मरीज ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नजमुद्दीन युसुफ अली कापडिया (80 वर्ष) के रूप में हुई है।
मुंबई के पायधूनी पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक मोहम्मद अली रोड के नूर हॉस्पिटल में यूरिन इन्फेक्शन के कारण एडमिट किया गया था। 3 सितंबर को तबीयत ज्यादा बिगड़ने के चलते उसे नूर हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया। कुछ दिनों बाद तबीयत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित नार्मल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था।
सोमवार दोपहर 2:25 बजे बुजुर्ग मरीज ने अस्पताल की इमारत से नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली। बुरी तरह घायल होने के बाद नूर हॉस्पिटल के डॉक्टर ने उन्हें चेक करते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पायधूनी पुलिस स्टेशन ने एडीआर के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग मरीज लंबे समय से बीमारी और शारीरिक समस्याओं से जूझने के कारण मानसिक तनाव या डिप्रेशन का शिकार हो चुके थे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बढ़ती उम्र में गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान कई बार मरीज मानसिक रूप से कमजोर महसूस करने लगते हैं, जिससे वे ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेते हैं।
हालांकि, पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि क्या घटना से ठीक पहले उनकी किसी से कोई कहासुनी हुई थी या कोई अन्य निजी वजह थी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद नूर अस्पताल प्रशासन और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि मरीज नॉर्मल वार्ड से बाहर कैसे निकला और क्या उस समय कोई अटेंडेंट या सुरक्षाकर्मी वहां मौजूद था या नहीं।
पायधूनी पुलिस मृतक के परिजनों और वार्ड में तैनात मेडिकल स्टाफ के बयान दर्ज कर रही है, ताकि इस दुखद घटना के पीछे की सही वजह का पता लगाया जा सके।