पायधुनी में 1.20 करोड़ की धोखाधड़ी का पर्दाफाश: पुलिस ने राजस्थान से आरोपी को दबोचा, 1.16 करोड़ कैश बरामद

Mumbai Crime News: पायधुनी पुलिस ने 1.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 1.16 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद कर ली है।
1.20 crore fraud in Pydhonie busted: Police nab accused from Rajasthan
पायधुनी पुलिस आरोपी को दबोचासोर्स:- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Pydhonie Police Mumbai: पायधुनी पुलिस ने 1.20 करोड़ रुपये की नकदी हड़पने के मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी रकम बरामद की है। पुलिस ने आरोपी युवराज सिंह देवड़ा (24) को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की रकम में से 1 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

कर्मचारी को सौंपा था नकदी लाने का काम

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत 8 अगस्त को हुई। शिकायतकर्ता ने अपने भरोसेमंद कर्मचारी पीरसिंग वसंत सिंह देवड़ा (30) को दूसरे कार्यालय से 1.20 करोड़ रुपये नकद लाने की जिम्मेदारी दी थी। कर्मचारी को रकम सुरक्षित तरीके से कार्यालय तक पहुंचानी थी।

बैग बदलकर भरे रद्दी कागज

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर विश्वास का फायदा उठाया। रास्ते में नकदी से भरे बैग को बदलकर उसमें रद्दी कागज भर दिए गए और इसके बाद वह वापस लौट आया। रकम की जगह रद्दी कागज मिलने पर मामले का खुलासा हुआ।

10 अगस्त को दर्ज हुआ मामला

फर्जीवाड़े का पता चलने के बाद शिकायतकर्ता ने पायधुनी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 10 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

1.20 crore fraud in Pydhonie busted: Police nab accused from Rajasthan
मुंबई के अंधेरी में आवारा कुत्तों का आतंक, 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर 3-4 कुत्तों ने किया हमला

CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग

पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की। जांच पहले मुंबई शहर और फिर अहमदाबाद तक पहुंची। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि कर्मचारी पीरसिंग ने कथित तौर पर अपने सगे भाई युवराज सिंह के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया था।

राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 अगस्त को राजस्थान में दबिश दी और युवराज सिंह देवड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 1 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। पुलिस अब बरामद रकम और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

मामले में पीरसिंग वसंत सिंह देवड़ा को मुख्य आरोपी बताया गया है। उसकी तलाश में पुलिस की विभिन्न टीमों की छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं और पूरी रकम को ठिकाने लगाने की क्या योजना थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com