Mumbai Marathi Language Rule For Taxi Auto Drivers: राज्य सरकार की ओर से टैक्सी-ऑटोरिक्शा चालकों के लिए 1 मई से मराठी भाषा अनिवार्य किए जाने के फरमान से मराठी बनाम गैर-मराठी का विवाद बढ़ गया है।
इसके खिलाफ टैक्सी ऑटो चालकों ने 4 मई से हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। हड़ताल पर अड़े शशांक राव की नेतृत्व वाली मुंबई ऑटोरिक्शा-टैक्सी मेंस यूनियन आज सोमवार को गोरेगांव पश्चिम में एक सभा का आयोजन करने जा रही है।
इधर मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे ने धमकी दी है कि देखते हैं मुंबई बंद कैसे होती है। जिन्हें मराठी से एतराज है, वे अपने राज्य में वापस चले जाएं।
राज्य सरकार के फैसले को रद्द करने की मांग को लेकर मुंबई ऑटोरिक्शा-टैक्सी मेंस यूनियन हड़ताल की घोषणा की है। सोमवार को गोरेगांव के केशव गोरे स्मारक ट्रस्ट हॉल में टैक्सी ऑटोरिक्शा चालकों और मालिकों की सभा आयोजित की गई है। इस सभा में आगे की रणनीति तय की जाएगी। इधर मराठी मुद्दे को लेकर मनसे आक्रामक हो गई है।
ये भी पढ़ें :- Rhea Chakraborty को बड़ी राहत, NDPS कोर्ट ने फ्रीज बैंक अकाउंट्स अनफ्रीज करने का दिया आदेश
अमित ठाकरे ने कहा कि हम सरकार के फैसले का स्वागत करते है। अगर ऑटो चालकों को कोई एतराज है तो वे अपने गृह राज्य चले जाएं, क्या अब बाहर के लोग मुंबई बंद कर देंगे? हम मराठी लोगों के साथ मज़बूती से खड़े है। महाराष्ट्र में मराठी का सम्मान होना ही चाहिए। उनकी हड़ताल से हमें कोई फर्क नहीं पड़ेगा, मराठी ऑटो बालक 12 घंटे गाड़ी चलाने को तैयार हैं। कट्टरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्हें सड़क पर सबक सिखाया जाएगा।