माहिम ज्वेलर फायरिंग मामला सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

माहिम में ज्वेलर के शोरूम पर 10 करोड़ की रंगदारी के लिए हुई थी फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर पुलिस को शक

Mahim Jeweller Firing Case: मुंबई के माहिम में पी.सी. जैन ज्वेलर्स पर हुई फायरिंग के पीछे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी का खुलासा हुआ है। पुलिस को इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शामिल होने का शक है।

अखिलेश तिवारी, रूपम सिंह

Highlights

  • माहिम के ज्वेलर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।

  • धमकी के बाद पी.सी. जैन ज्वेलर्स पर तीन राउंड फायरिंग।

  • ‘जेड प्लस सुरक्षा भी लगा लो, पैसे तो देने ही पड़ेंगे’।

  • लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संभावित कनेक्शन की जांच।

Mahim Jeweller Ten Crore Extortion: माहिम में पी.सी. जैन ज्वेलर्स पर बुधवार शाम हुई गोलीबारी के पीछे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी का मामला सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दुकान के मालिक भरत जैन को वारदात से पहले कई बार धमकाया गया था।

पुलिस अब इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियों को धमकी देने और फायरिंग करने का तरीका गैंग से जुड़े कुछ पुराने मामलों जैसा लग रहा है। हालांकि, अभी तक किसी गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

तीन बार भेजे गए धमकी भरे संदेश

इस वारदात को अंजाम देने से पहले कारोबारी को अलग-अलग तारीखों पर तीन धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। पहली बार 18 अक्टूबर को एक अनजान नंबर से फोन आया। भरत जैन ने जब कॉल का जवाब नहीं दिया तो उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई।

इसके छह दिन बाद यानी 24 अक्टूबर को फिर संदेश आया। इसमें लिखा था, 'तैयार रखना, चमत्कार होगा।' इसके बाद 31 अक्टूबर को भेजे गए संदेश में सीधे 10 करोड़ रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

31 अक्टूबर को मांगे 10 करोड़ रुपये

सबसे गंभीर धमकी में आरोपियों ने कारोबारी की सुरक्षा व्यवस्था को भी चुनौती दी थी। 31 अक्टूबर को भेजे गए कथित वॉट्सऐप संदेश में लिखा था, 'रामजी, ज्यादा दिमाग मत चला, तेरी जन्म कुंडली है। जेड प्लस सुरक्षा भी लगा रख, पैसा तुझे देना होगा। यमराज जी को देखना है तो ठीक, नहीं तो 10 करोड़ रुपये देना होगा।' इस संदेश के जरिए धमकी देने वालों ने साफ संकेत दिया था कि सुरक्षा का इंतजाम भी उनकी रंगदारी की मांग के आड़े नहीं आएगा।

मोटरसाइकिल सवारों ने दुकान पर की फायरिंग

बुधवार शाम दो हेलमेट पहने युवक मोटरसाइकिल से पी.सी. जैन ज्वेलर्स पहुंचे और दुकान पर तीन राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद दोनों आरोपी बांद्रा की दिशा में भाग निकले। घटना के बाद माहिम पुलिस ने जांच शुरू की तो कारोबारी को पहले से मिल रही धमकियों और रंगदारी की मांग का पता चला।

भरत जैन को अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन और वॉट्सऐप संदेश मिल रहे थे। शुरुआत में उन्होंने इन संदेशों को सामान्य स्पैम समझकर गंभीरता से नहीं लिया था। इसी वजह से उन्होंने उस समय पुलिस से संपर्क नहीं किया। लेकिन लगातार मिल रही धमकियों के बाद दुकान पर फायरिंग की घटना ने मामले को गंभीर बना दिया है।

सीसीटीवी और मोबाइल नंबरों की जांच

पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर पहले भी कारोबारियों से रंगदारी मांगने और धमकाने के मामले सामने आए हैं। इसी तरह की कार्यप्रणाली को देखते हुए पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

क्या माता-पिता बेटे को संपत्ति से बेदखल कर सकते हैं? दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक खत्म, महिला आरक्षण बिल और परिसीमन विधेयक को लेकर संशय बरकरार

त्रिपुरा निकाय चुनाव में वोटिंग जारी, 77 सीटों पर जीती BJP; 16 नगर निकायों की 268 सीटों पर मुकाबला तेज

शरद पवार गुट ने जारी की थ्री-लाइन व्हिप, 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक सभी सांसदों की लोकसभा हाजिरी अनिवार्य

परिसीमन बिल पर महाराष्ट्र से लगेगी मोदी सरकार की नैया पार! उद्धव-शरद पवार के बाद कांग्रेस पर बीजेपी की नजर