Mumbai Local Train: पश्चिम रेलवे द्वारा जरूरी रखरखाव कार्य के चलते रविवार 9 अगस्त 2026 को बांद्रा और गोरेगांव स्टेशनों के बीच हार्बर लाइन पर जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तकअप और डाउन दोनों हार्बर लाइनों पर रहेगा।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, ब्लॉक इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग और ओएचई के रखरखाव कार्य के लिए लिया जा रहा है। इस दौरान यात्रियों को असुविधा हो सकती है। ब्लॉक अवधि में मध्य रेल की CSMT-बांद्रा-CSMT और CSMT/पनवेल-गोरेगांव-CSMT/पनवेल हार्बर लाइन की सभी ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी। साथ ही पश्चिम रेलवे की चर्चगेट-गोरेगांव-चर्चगेट के बीच चलने वाली कुछ धीमी लोकल ट्रेनें भी नहीं चलेंगी।
रेलवे ने बताया कि उपनगरीय खंड में रद्द की गई ट्रेनों की पूरी सूची संबंधित स्टेशनों पर तैनात स्टेशन मास्टरों के पास उपलब्ध होगी। यात्रियों से अनुरोध है कि वे ब्लॉक को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। रेल प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है ताकि रखरखाव कार्य समय पर पूरा किया जा सके।